सूजी के गोलगप्पे कैसे बनाएं?
NDTV
गोलगप्पे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. आमतौर पर लोग सोचते हैं कि घर पर गोलगप्पे बनाना काफी मुश्किल और समय लेने वाला काम है, इसलिए बाजार से खरीदना ही बेहतर है, लेकिन ऐसा है नहीं. शेफ पंकज भदौरिया ने सूजी से गोलगप्पे बनाने की एक बेहद आसान रेसिपी शेयर की है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें आटे को लंबे समय तक रखने या किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. थोड़ी सी सूजी, गर्म तेल और गर्म पानी की मदद से आप सिर्फ 10 मिनट में कुरकुरे और फूले हुए गोलगप्पे तैयार कर सकते हैं.
सूजी के गोलगप्पे कैसे बनाएं घर पर?
गोलगप्पे बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
सामग्री:
- सूजी (250 ग्राम)
- गर्म तेल ( 50 मिलीलीटर)
- गर्म पानी (जरूरत के अनुसार)
- तलने के लिए तेल
घर पर गोलगप्पे कैसे बनाएं?
- एक बड़े बर्तन में सूजी डालें और उसमें गर्म तेल मिलाएं.
- अब दोनों चीजों को अच्छी तरह हाथों से मसलते हुए मिला लें ताकि तेल सूजी में पूरी तरह मिल जाए.
- इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.
- गोलगप्पे अच्छी तरह फूलें, इसके लिए आटे को चिकना और लचीला बनाना जरूरी है. आटा तैयार होने के बाद इसे 10 से 12 बार हल्के हाथों से पटकें और गूंथते रहें, इससे इसकी बनावट बेहतर हो जाती है.
- अब तैयार आटे से नींबू के आकार की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
- कोशिश करें कि सभी लोइयां लगभग एक जैसी हों.
- लोइयों को हल्का-सा लंबा या ओवल शेप में बेल लें.
- बहुत ज्यादा पतला या मोटा न बेलें, क्योंकि इससे गोलगप्पे ठीक से नहीं फूलेंगे.
- कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म कर लें.
- अब बेले हुए गोलगप्पों को एक-एक करके तेल में डालें.
- जैसे ही गोलगप्पा तेल में जाए, उसे हल्के से दबाएं.
- कुछ ही सेकंड में वह फूलने लगेगा.
- जब गोलगप्पे दोनों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें.
इसे भी पढ़ें: टिश्यू पेपर का रंग हमेशा सफेद क्यों होता है? क्या है इसके पीछे की दिलचस्प वजह
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Golgappa Recipe, Chef Pankaj Bhadouria, Suji Golgappa, Suji Golgappa Puri Recipe, Street Food Recipe