साउथ इंडियन फूड का जिक्र होते ही डोसा, इडली और वड़ा का ख्याल दिमाग में आता है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है. अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि तमिलनाडु के पारंपरिक घरों में एक ऐसी डिश बनती है, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट, पचने में हल्की और बनाने में बहुत आसान होती है. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना, हम बात कर रहे हैं मोर कली (Mor Kali) डिश की.
अगर आपके पास घर में दही या छाछ और चावल का आटा रखा है, तो आप सिर्फ 10-15 मिनट में यह बेहतरीन नाश्ता तैयार कर सकते हैं. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं मोर कली रेसिपी- (How To Make Mor Kali Recipe)
सामग्री-
- चावल का आटा- 1 कप
- छाछ- या दही- 3 कप
- सरसों के दाने- 1 छोटा चम्मच
- चना दाल- 2 छोटे चम्मच
- उड़द दाल- 1 छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च- 2
- हरी मिर्च- 2 )
- कड़ी पत्ता- 10 से 12
- हींग- ¼ छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- तेल- पकाने के लिए
विधि-
- सबसे पहले एक बड़ा बाउल लें. इसमें 1 कप चावल का आटा डालें. अब इसमें 2 कप छाछ डालें और व्हिस्क की मदद से अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गांठ न पड़े.
- जब यह अच्छे से घुल जाए, तो बचा हुआ 1 कप छाछ और स्वादानुसार नमक डालकर दोबारा मिलाएं. एकदम स्मूथ घोल तैयार कर लें.
- अब गैस पर एक पैन या कढ़ाई गरम होने के लिए रखें और उसमें थोड़ा कुकिंग ऑयल डालें.
- तेल गरम होते ही 1 छोटा चम्मच राई डालें. जब राई चटकने लगे, तब 2 सूखी लाल मिर्च, 2 कटी हरी मिर्च, 2 छोटे चम्मच चना दाल और 1 छोटा चम्मच उड़द दाल डालें.
- अब इसमें 10-12 कड़ी पत्ते और ¼ छोटा चम्मच हींग डालें. इन सभी चीजों को लगभग 1 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें. जब तक कि दाल हल्की सुनहरी न हो जाए और तड़के की अच्छी खुशबू न आने लगे.
- तड़का भुन जाने के बाद, गैस की आंच धीमी करें और चावल के आटे व छाछ का तैयार घोल पैन में डाल दें.
- अब आपको इसे बिना रुके लगातार चलाते रहना है. जैसे-जैसे घोल गर्म होगा, यह गाढ़ा होने लगेगा. ध्यान रखें कि अगर आप चलाना बंद करेंगे, तो इसमें गांठे बन सकती हैं.
- जब यह घोल पूरी तरह से गाढ़ा होकर एक जगह सिमटने लगे और कढ़ाई छोड़ने लगे, तो समझें कि आपकी मोर कली लगभग तैयार है.
- इसके ऊपर थोड़ा सा नारियल का तेल या तिल का तेल छिड़कें. इससे डिश में बहुत ही बढ़िया फ्लेवर आता है.
- आपकी गरमा-गरम और स्वादिष्ट तमिलनाडु स्टाइल मोर कली तैयार है.
ये भी पढ़ें- एक बार खाई तो बार-बार बनाएंगे, प्रोटीन से भरपूर मूंग दाल पकौड़े की चटपटी राजस्थानी सब्जी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं