क्या चीनी के बढ़ते दाम को देखते हुए आप इस राखी मिठाई बनाने का प्लान कैंसिल कर रहे हैं? अगर हां, तो ऐसा बिल्कुल भी न करें. हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं, जिसमें न तो आपको महंगी होती चीनी डालनी पड़ेगी और न ही गैस जलाना पड़ेगा. इतना ही नहीं, सिर्फ 5 से 10 मिनट के अंदर में आप इस मिठाई को घर पर तैयार (Rakshabandhan Recipe) कर सकते हैं.
इसके लिए बस आपके घर में कुछ रोस्टेड चना और ड्राई फ्रूट्स होने चाहिए. ये लड्डू न सिर्फ बनाना आसान है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी हेल्दी हो सकता है. अगर आपके घर में 2 साल से छोटा बच्चा या फिर कोई बुजुर्ग रहता है, तो आप उन्हें गिल्ट फ्री होकर इस लड्डू को खिला सकते हैं. यहां जानते हैं मिनटों में बनने वाली बिना गैस और बिना चीनी से बनने वाली लड्डू की रेसिपी-
घर पर कैसे बनाएं लड्डू?
आवश्यक सामग्री
- रोस्टेड चना - 1 कप
- बीच निकाले हुए खजूर - 10-12
- बादाम - 8-10
- काजू - 8-10
- किशमिश - 1 बड़ा चम्मच
- पिस्ता - 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर - 1 छोटा चम्मच
विधि
सबसे पहले रोस्टेड चना, बादाम, काजू और पिस्ता को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. अब खजूर और किशमिश को अलग से ब्लेंड करके पेस्ट जैसा बना लें. इसके बाद दोनों मिश्रणों को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर डालें.
जब मिश्रण अच्छी तरह मिल जाए तो हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें. अगर मिश्रण सूखा लगे तो एक-दो खजूर और मिला सकते हैं. तैयार लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में रखकर कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
प्रोटीन और फाइबर का है अच्छा सोर्स
रोस्टेड चना प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है. वहीं, ड्राई फ्रूट्स शरीर को हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स प्रदान करते हैं. चीनी की जगह खजूर का इस्तेमाल करने से मिठास भी मिलती है और अतिरिक्त रिफाइंड शुगर से भी बचाव होता है.
किसके लिए फायदेमंद?
- अगर आपका बच्चा 2 साल से छोटा है, तो आप उसे बिना फिक्र के ये लड्डू खिला सकते हैं.
- ऑफिस या स्कूल टिफिन के लिए बढ़िया ये लड्डू काफी अच्छा विकल्प हो सकता है.
- शाम की हल्की-फुल्की भूख के लिए भी ये लड्डू एक अच्छा ऑप्शन है.
- त्योहारों पर हेल्दी मिठाई के रूप में आप इसे सर्व कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - बिना चीनी के बनाएं 25 ग्राम प्रोटीन से भरपूर हेल्दी चॉकलेट बाइट्स, फिटनेस लवर्स के लिए बेस्ट ऑप्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं