स्वादिष्ट लौकी की सब्जी कैसे बनाएं?
NDTV
क्या आपने कभी सोचा है कि साधारण सी दिखने वाली लौकी से भी रेस्टोरेंट जैसी शाही और बेहद स्वादिष्ट डिश बनाई जा सकती है? अक्सर घरों में बच्चे या बड़े लौकी का नाम सुनते ही मुंह बनाने लगते हैं, लेकिन अगर आप इसे एक नए और अनोखे अंदाज़ में बनाएंगे, तो यकीन मानिए प्लेट्स पकते ही साफ हो जाएंगी. आज हम आपको एक ऐसी शानदार रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं जो स्वाद के मामले में बड़े-बड़े पनीर और मशरूम की डिशेज़ को भी पीछे छोड़ देगी.
शेफ अशोक ने अपने यूट्यूब चैनल @CookingWithChefAshok पर शाही लौकी की सब्जी की रेसिपी शेयर की है.
सामग्री:
- लौकी (1)
- पनीर (150 ग्राम कद्दूकस किया हुआ)
- उबला हुआ आलू (1 मीडियम साइज मैश किया हुआ)
- काजू, बादाम, किशमिश, अखरोट (4 से 5 पीस बारीक कटे हुए)
- धनिया के डंठल (बारीक कटे हुए)
- हरी मिर्च और कश्मीरी लाल मिर्च (स्वादानुसार)
- इलायची पाउडर (आधा चम्मच)
- चीनी (हल्की सी मिठास के लिए)
- कॉर्नफ्लोर या बेसन (शेलो फ्राई करने के लिए)
- प्याज और टमाटर (5 मीडियम प्याज, 2 टमाटर)
- काजू (ग्रेवी के बेस के लिए 10 से 12 पीस)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट (1 चम्मच)
खड़े मसाले:
- बड़ी इलायची
- छोटी इलायची
- चक्र फूल
- तेजपत्ता
मसाले:
- हल्दी पाउडर
- धनिया पाउडर
- जीरा पाउडर
- कश्मीरी मिर्च
- गरम मसाला
- कसूरी मेथी
- फ्रेश क्रीम
- कुकिंग ऑयल या बटर
- नमक (स्वादानुसार)
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले लौकी को छीलकर धो लें, इसके बड़े टुकड़े काटकर बीच के बीज चाकू या पीलर की मदद से निकाल लें ताकि यह अंदर से खोखली हो जाए.
- अब एक बर्तन में पानी उबालें, उसमें थोड़ा नमक और हल्दी डालकर लौकी के टुकड़ों को 4 से 5 मिनट तक उबालें ताकि यह थोड़ी सॉफ्ट हो जाए लेकिन इसका क्रंच बना रहे.
- उबालने के बाद इसे निकाल कर सारा पानी सुखा लें.
- एक बाउल में कद्दूकस किया हुआ पनीर, उबला हुआ आलू, बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स, धनिया के डंठल, हरी मिर्च, इलायची पाउडर, नमक, थोड़ी सी चीनी और कश्मीरी मिर्च डालें.
- इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें ताकि एक बढ़िया मिश्रण तैयार हो जाए.
- तैयार किए गए पनीर के मसाले को ठंडी हो चुकी लौकी के अंदर अच्छी तरह से दबा-दबा कर भर लें.
- इसके बाद स्टफ की हुई लौकी को मनपसंद गोल टुकड़ों में काट लें.
- अब हर टुकड़े के बाहरी हिस्से पर हल्का सा कॉर्नफ्लोर या बेसन लगाएं ताकि फ्राई करते वक्त स्टफिंग बाहर न निकले.
- एक पैन में थोड़ा बटर या तेल गर्म करें.
- तैयार किए गए लौकी के टुकड़ों को पैन में रखें और दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक मीडियम आंच पर सेक लें.
- ऊपर से ढककर 1 मिनट पकाने के बाद इन्हें अलग प्लेट में रख लें.
- कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें, इसमें कटे हुए प्याज और काजू डालकर 2 से 3 मिनट तक भूनें ताकि प्याज का कच्चापन निकल जाए.
- इसके बाद कटे हुए टमाटर और नमक, कश्मीरी मिर्च, हल्दी डालकर सॉफ्ट होने तक पकाएं.
- मिश्रण को ठंडा करके मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर बिल्कुल स्मूथ पीस लें.
- अब उसी कड़ाही में फिर से थोड़ा तेल लें और खड़े मसाले व अदरक-लहसुन का पेस्ट भूनें.
- धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च डालें.
- पिसा हुआ प्याज-टमाटर का पेस्ट मिलाएं और तेल छोड़ने तक अच्छी तरह भूनें.
- अंत में जरूरत के अनुसार पानी, गरम मसाला और ताजी मलाई डालकर रिच ग्रेवी तैयार करें.
- एक सर्विंग प्लेट में गरमा-गरम शाही ग्रेवी डालें और उसके ऊपर से तैयार की गई स्टफ्ड लौकी के पीस सजाएं. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गर्मा-गरम सर्व करें.
इसे भी पढ़ें: रसोई के सिंक से बहुत बदबू आ रही है? बिना ज्यादा मेहनत सिंक का पाइप यूं करें साफ
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Lauki Se Kya Banaye, Stuffed Lauki, Lauki Ki Sabzi Recipe, Lauki Se Kya Nashta Banaa Sakte Hain