अक्सर हम अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए महंगे सप्लीमेंट्स और जाने क्या-क्या उपाय ढूंढते हैं, लेकिन कई बार असली खजाना हमारे किचन की शेल्फ पर ही रखा होता है. शरीर में ताकत बनाए रखने और दिमाग को कंप्यूटर जैसा तेज करने के लिए दादी-नानी के नुस्खे हमेशा काम आते हैं. ऐसा ही एक बेहद असरदार नुस्खा है अखरोट और शहद का मेल. जब इन दोनों चीजों को एक साथ खाया जाता है, तो यह साधारण सी डाइट किसी वरदान से कम नहीं लगती.
बहुत से लोग अखरोट को यूं ही कच्चा चबा लेते हैं या फिर रात को भिगोकर रख देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी इसे शहद में डुबोकर खाया है? अगर नहीं, तो यह जानकारी आपके लिए बहुत काम की है. यह सिर्फ स्वाद में ही बेहतरीन नहीं लगता, बल्कि शरीर की सुस्ती भगाकर अंदर से मजबूत बनाने का सबसे आसान तरीका है.
भीगे अखरोट को शहद में डुबाकर खाने से क्या फायदे मिलते हैं?
दिमाग की तेज रफ्तार: अखरोट को तो वैसे भी 'ब्रेन फूड' कहा जाता है क्योंकि इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन, आयरन और जिंक कूट-कूट कर भरे होते हैं. जब आप इसे शहद में लिपटाकर खाते हैं, तो दिमाग की नसें एक्टिव होती हैं और याददाश्त तेज होने लगती है.
इम्यूनिटी बूस्टर का काम करता है: शहद अपने आप में एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना है. जब यह अखरोट के साथ पेट में जाता है, तो शरीर के अंदरूनी तनाव को कम करता है और इम्यून सिस्टम को इतना मजबूत कर देता है कि छोटी-मोटी बीमारियां पास भी नहीं फटकतीं.
तुरंत मिलने वाली एनर्जी: कई बार दिनभर काम करने के बाद बिल्कुल थकावट महसूस होने लगती है. इन दोनों में नेचुरल शुगर होती है जो शरीर को बिना किसी साइड इफेक्ट के तुरंत एनर्जेटिक बना देती है.
पेट की सफाई और पाचन: अगर आपको अक्सर गैस, कब्ज या खाना न पचने की शिकायत रहती है, तो यह नुस्खा पेट की सेहत सुधारने में मददगार साबित होता है. नियमित रूप से इसका सेवन धीरे-धीरे पाचन तंत्र मजबूत होने लगता है और पेट हल्का महसूस होता है.
शहद और अखरोट को एक साथ तैयार करने और खाने का सही तरीका:
- अगर आप साबुत अखरोट ले रहे हैं, तो उनके छिलके हटाकर साफ गिरियां निकाल लें.
- कांच के जार में अखरोट की गिरियों को डालें.
- अब इसमें ऊपर से इतना शहद डालें कि सभी अखरोट अच्छी तरह से शहद में डूब जाएं.
- जार का ढक्कन बंद करके इसे 24 से 48 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें, ताकि अखरोट शहद को अच्छी तरह सोख लें.
कितनी मात्रा लें?
रोजाना सुबह खाली पेट 2 से 3 भीगे हुए शहद वाले अखरोट चबा-चबाकर खाना सबसे अच्छा होता है.
कब खाएं?
सुबह के समय या दिन में जब भी आपको थकान महसूस हो या कुछ मीठा खाने की इच्छा हो, आप इसका सेवन कर सकते हैं.
Watch Video:
इसे भी पढ़ें: भरवा हरी मिर्च का अचार कैसे बनाएं? देखें वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं