ताले की छोटी-सी चाबी गुम हो जाए तो बड़ी परेशानी हो जाती है. खासकर जब घर या कमरे के दरवाजे पर ताला लगा हो और उसको खोलने के लिए चाबी ही न मिल रही हो. ऐसे समय पर कई लोग जल्दबाजी में ताला तोड़ भी देते हैं. लेकिन, कुछ सिचुएशन में बिना ताला तोड़े उसे खोलने के तरीके आजमाए जा सकते हैं. अगर कभी आपके घर के भी ताले की चाबी खो जाए, तो कुछ आसान तरीकों की मदद से आसानी से ताला खोल सकते हैं आप. इन तरीकों को अपनाते समय यह जरूरी है कि ताला आपका अपना हो या उसको खोलने के लिए आपके पास परमीशन हो. किसी दूसरे व्यक्ति के घर के ताले या बिना अनुमति वाले लॉक पर इन तरीकों का इस्तेमाल करने से बचें.
ग्लिसरीन की मदद से खोलें बंद ताला
सोशल मीडिया पर बंद ताले को खोलने के कई तरह के घरेलू तरीके वायरल होते रहते हैं. इनमें पोटैशियम परमैंगनेट और ग्लिसरीन से जुड़ी एक ट्रिक भी जा रही है. इस तरीके में दोनों चीजों को ताले के ही छेद में डालने का दावा किया जाता है, जिसके बाद ताला खुल जाता है. हालांकि, इस तरह के प्रयोग को घर पर आजमाते समय आपको अहतियात बरतने की सख्त जरूरत है. पोटैशियम परमैंगनेट और ग्लिसरीन के बीच तेज कैमिकल रिएक्शन हो सकता है. इससे गर्मी या आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए चाबी खो जाने पर इस तरह के केमिकल प्रयोग करने की बजाय ताला बनाने वाले की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित रहेगा.

पिन से खोलें बंद ताला
आपने कई बार फिल्मों में भी देखा होगा कि कैसे हीरो हेयर पिन से दरवाजा खोल देता है. आमतौर पर घर के दरवाजों पर लगे नॉब लॉक में रॉड लगी होती है. उसके ऊपर नीचे होने से लॉक खुल जाता है. इसको खोलने के लिए आपको एक बालों में लगाई जाने वाली पिन चाहिए होगी. पिन को 90 डिग्री मोड़ कर चाबी वाले सुराख में डालिए और फिर पिन को नीचे से ऊपर की तरफ उठाएं. फिर पिन को ऐसे ही ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर की तरफ उठाते रहें. ऐसा करने से नॉब लॉक में लगी रॉड जगह से हट जाएगी और आपका ताला खुल जाएगा. इस हैक को आप ताले के अटकने पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
चाकू के मदद से खोलें ताला
अक्सर घर में अलमारी का ताला लॉक हो जाता है या अटक जाता है. ऐसे समय पर आपके घर में रखा चाकू आ सकता है आपके काम. इसके लिए आपके पास एक छोटा चाकू होना चाहिए जो अलमारी के पैडलॉक के के होल में आसानी से घुस पाए. ताले को खोलने के लिए चाकू को चाभी की सुराख में डाल कर तब तक घुमाएं, जब तक ये लॉक के पीछे वाले हिस्से को न छू ले. फिर चाकू को चाभी की तरह घुमाकर कोशिश करें. दो से तीन बार कोशिश करने पर ताला खुल जाएगा.
कपडे टांगने वाले हैंगर से खोलें बंद ताला
हम सभी के घरो के कपड़े टांगने वाले हैंगर तो होते ही हैं. इसकी मदद से आप खोल सकते हैं बिना चाबी के अपने घर का बंद ताला. ताला खोलने के लिए एक हैंगर लें और देखें कि उसकी नोक लॉक के सुराख में फिट हो रही है या नहीं. अगर हैंगर की नोक फिट हो रही है, तो हैंगर को सीधा कर लें. अगर हैंगर लंबा है, तो इसको काट कर छोटा कर लें. फिर हैंगर की नोक को लॉक के होल में घुसाएं और धीर धीरे हिलाते हुए घुमाते रहें. ऐसा करने से लॉक के अंदर लगी रॉड हिलेगी और लॉक खुल जाएगा.
ये भी पढ़ें- बाल कितने दिन में कटवाने चाहिए? जानिए बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए कितनी बार ट्रिमिंग करवाएं
प्रस्तुति : अर्चिता राय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं