Rice Fara Recipe: आजकल लोग स्नैक्स में मोमोज और फास्ट फूड ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप कुछ देसी, हेल्दी और स्वाद से भरपूर खाना चाहते हैं, तो यूपी की पारंपरिक डिश ‘फरा' जरूर ट्राई करें. यह न सिर्फ खाने में बहुत स्वादिष्ट होती है, बल्कि स्टीम में बनने की वजह से हल्की और हेल्दी भी मानी जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा तेल का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए यह हर उम्र के लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है.
क्या है फरा? (What Is Fara)
फरा उत्तर प्रदेश की एक पारंपरिक डिश है, जिसे चावल के आटे और चना दाल की स्टफिंग से बनाया जाता है. इसे स्टीम करके तैयार किया जाता है, जिससे यह हेल्दी बनता है. स्वाद में यह हल्का तीखा और मसालेदार होता है, जो इसे खास बनाता है.
फरा बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Fara)
- चावल का आटा - 1 कप
- चना दाल - 1 कप (भीगी हुई)
- नमक - स्वाद अनुसार
- पानी - जरूरत अनुसार
- दूध - 2 चम्मच
स्टफिंग के लिए,
- अदरक - 1 छोटा टुकड़ा
- लहसुन - 5 से 6 कलियां
- हरी मिर्च - 2
- सौंफ - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी - 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - स्वाद अनुसार
- धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- अजवाइन - 1/2 छोटा चम्मच
यह भी पढ़ें- बर्गर छोड़िए, घर पर बनाइए ‘स्टीम्ड सूजी बर्गर'(Steamed Sooji Burger) , हेल्दी भी और स्वाद में भी जबरदस्त
फरा बनाने की विधि- (How To Make Fara)
- सबसे पहले चना दाल को कुछ घंटों के लिए भिगोकर रख दें. अब चावल के आटे में नमक डालें और गर्म पानी की मदद से इसे गूंध लें. इसमें थोड़ा दूध डालकर आटा और भी मुलायम बनाया जा सकता है. अब इसे ढककर कुछ देर के लिए रख दें.
- अब भीगी हुई चना दाल को ग्राइंडर में डालें और उसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और सौंफ डालकर दरदरा पीस लें. इस मिश्रण में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और अजवाइन डालकर अच्छे से मिला लें.
- अब आटे की छोटी-छोटी लोई बनाएं और उन्हें रोटी की तरह बेल लें. इसमें तैयार स्टफिंग भरें और इसे मोड़कर बंद कर दें.
- अब इन्हें स्टीमर में रखकर 12 से 15 मिनट तक स्टीम करें. स्टीम होने के बाद हल्का ठंडा करें और चाहें तो ऊपर से हल्का तड़का लगाकर और भी स्वाद बढ़ा सकते हैं.
फरा को आप हरी चटनी या लहसुन की चटनी के साथ गरमागरम सर्व करें. यह डिश स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी है. अगर आप जंक फूड से दूर रहना चाहते हैं, तो यह देसी रेसिपी जरूर ट्राई करें.
Watch Video: कैसे बनाएं मटर कबाब रेसिपी| Matar Kebab Recipe | How To Make Matar Kebab
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं