विज्ञापन

राखी पर महाकाल को लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग, 20 हलवाई चार दिन से कर रहे तैयारी, जानिए लड्डू की आसान रेसिपी

रक्षाबंधन 2026 पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में सवा लाख बेसन लड्डुओं का भोग लगेगा. जानें घर पर स्वादिष्ट बेसन के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी.

राखी पर महाकाल को लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग, 20 हलवाई चार दिन से कर रहे तैयारी, जानिए लड्डू की आसान रेसिपी
महाकाल को बांधी जाएगी राखी, फिर लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग
NDTV

Mahakal Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में इस बार खास तैयारी चल रही है. भगवान महाकाल को राखी बांधने के बाद सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा. इतनी बड़ी संख्या में लड्डू तैयार करने के लिए 20 से ज्यादा हलवाई पिछले चार दिनों से काम में जुटे हैं. खास बात यह है कि इन लड्डुओं को देसी घी, बेसन, शक्कर और ड्राई फ्रूट्स से बनाया जा रहा है. महाकाल को भोग लगाने के बाद यही प्रसाद श्रद्धालुओं में बांटा जाएगा. ऐसे में अगर आप भी राखी पर अपने घर में भगवान के लिए कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो बेसन के लड्डू एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प हो सकते हैं.

महाकाल के लिए बन रहे हैं सवा लाख लड्डू

रक्षाबंधन पर तड़के भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक और पूजन किया जाएगा. इसके बाद नए वस्त्र और आभूषणों से श्रृंगार कर उन्हें राखी बांधी जाएगी. भस्म आरती में सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा, जिसके बाद प्रसाद का वितरण शुरू होगा. इन लड्डुओं को तैयार करने के लिए 20 से ज्यादा हलवाई लगातार काम कर रहे हैं. मंदिर से जुड़े पुजारी आकाश गुरु के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी एक भक्त की ओर से सवा लाख लड्डुओं का निर्माण कराया जा रहा है.

घर पर रक्षाबंधन का भोग बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

अगर आप भी घर पर बेसन के लड्डू बनाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको चाहिए:

  • 2 कप बेसन
  • आधा से तीन-चौथाई कप देसी घी
  • पिसी हुई शक्कर या बूरा, स्वाद के अनुसार
  • कटे हुए बादाम और काजू
  • थोड़ी इलायची

ऐसे बनाएं बेसन के स्वादिष्ट लड्डू

सबसे पहले कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. बेसन को जल्दबाजी में तेज आंच पर न पकाएं, वरना उसका स्वाद और खुशबू दोनों बिगड़ सकते हैं. जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए और उसमें से खुशबू आने लगे तो उसे एक बड़े बर्तन में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें.

अब इसमें पिसी शक्कर या बूरा, इलायची और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स मिलाएं. मिश्रण इतना ठंडा हो जाए कि हाथ से आसानी से छू सकें, तब इसके गोल-गोल लड्डू बना लें.

भोग लगाएं और बांटें प्रसाद

तैयार लड्डुओं का रक्षाबंधन पर भगवान को भोग लगा सकते हैं और फिर परिवार के साथ प्रसाद के रूप में बांट सकते हैं. महाकाल मंदिर में भले ही सवा लाख लड्डुओं की तैयारी चल रही हो, लेकिन घर पर थोड़ी सी सामग्री से बने ये बेसन के लड्डू भी त्योहार की मिठास बढ़ाने के लिए काफी हैं.

इसे भी पढ़ें:  रात के बचे चावल से झटपट बना लें स्वादिष्ट सा नाश्ता, हर कोई चट कर जाएगा पूरी प्लेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mahakal Temple, Ujjain Mahakal, Raksha Bandhan, Festival Season, Mithai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com