ऐश्वर्या राय बच्चन हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ को पर्सनल और लाइम लाइट से दूर रखना ही पसंद करत हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस परिवार की कोई फोटो आए तो सुर्खियों में आ ही जाती है. जैसे कि फिलहाल सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या राय के मायके की रक्षाबंधन सेलिब्रेशन की तस्वीरें खूब वायरल हो रही है. ये तस्वीर ऐश्वर्या के भाई आदित्य राज के सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए इंटरनेट पर आई. आदित्य राय ने एक फैमिली फोटो शेयर की जिसमें ऐश्वर्या अपनी बेटी आराध्या और बाकी परिवार के साथ सादगी से त्योहार मनाती दिख रही हैं.
ऐश्वर्या राय बच्चन की परिवार के साथ एक रेयर फोटो
आदित्य राय ने 31 अगस्त को इंस्टाग्राम पर परिवार की तस्वीर शेयर की जिसमें उनके रक्षाबंधन सेलिब्रेशन की एक झलक मिली. तस्वीर में ऐश्वर्या अपने भाई के बगल में पोज देती दिख रही हैं, जबकि उनकी मां वृंदा राय बच्चों के साथ बैठी हैं. आराध्या भी अपनी दादी और कजिन्स के साथ फ्रेम में नजर आ रही हैं, जिससे यह एक प्यारा फैमिली मोमेंट बन गया है. उन्होंने पोस्ट का कैप्शन बस इतना ही लिखा, "Rakshabandhan2026".
इस मौके पर ऐश्वर्या काफी सादे लुक में दिखीं. उन्होंने सफेद एथनिक आउटफिट पहना था, बाल खुले रखे थे और सिर पर कैजुअल अंदाज में सनग्लासेस लगाए थे. आदित्य ने ऑफ-व्हाइट कॉलर वाली टी-शर्ट और नीली चेक्ड ट्राउजर पहनकर आरामदायक लुक अपनाया. श्रीमा, जो अपने बेटों विहान और शिवांश के साथ सेलिब्रेशन का हिस्सा थीं ने हरे और गुलाबी रंग का आउटफिट पहना था.
इंटरनेट पर आए ऐसे रिएक्शन
इस पोस्ट को फैन्स से तुरंत बहुत प्यार मिला और कमेंट सेक्शन परिवार के लिए प्यार और दुआओं से भर गया. एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, "❤️❤️🙌 यह तस्वीर बहुत पसंद आई. प्यारी नानी और उनके प्यारे नाती-पोते". एक और यूजर ने कमेंट किया, "हैप्पी फैमिली". तीसरे यूजर ने लिखा, "भगवान आपके परिवार पर कृपा बनाए रखे! एकदम परफेक्ट तस्वीर! आप सभी पर भगवान की कृपा हो".
ऐश्वर्या के भाई आदित्य राय कौन हैं?
ऐश्वर्या राय बच्चन के भाई होने के बावजूद आदित्य राय ज्यादातर लाइमलाइट से दूर ही रहे हैं. वह मर्चेंट नेवी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं और मीडिया में बहुत कम ही नजर आए हैं. फिल्मों से उनका एकमात्र कनेक्शन 2003 में हुआ था, जब उन्होंने 'दिल का रिश्ता' को को-प्रोड्यूस किया था. इसमें ऐश्वर्या लीड रोल में थीं. उनकी मां वृंदा राय भी को-राइटर के तौर पर इस फिल्म से जुड़ी थीं.
ऐश्वर्या राय के वर्कफ्रंट पर क्या है अपडेट
काम की बात करें तो ऐश्वर्या आखिरी बार मणिरत्नम की फिल्म 'पोन्नियिन सेलवन II' में नजर आई थीं जो 2023 में रिलीज हुई थी. इस पीरियड ड्रामा फिल्म में उन्होंने डबल रोल किया था. इस फिल्म में विक्रम, जयम रवि, कार्थी और तृषा कृष्णन भी अहम किरदारों में थे. उन्होंने अभी तक अपने अगले प्रोजेक्ट की ऑफीशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.
हालांकि फिल्म फ्रंट के अलावा ऐश लगातार सुर्खियों में रही हैं. इस साल की शुरुआत में कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी को लेकर चर्चा में रहीं. रेड कार्पेट पर उनके लुक्स ने एक बार फिर काफी चर्चा बटोरी, क्योंकि उन्होंने कई शानदार और अट्रैक्टिव लुक्स अपनाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं