पनीर पराठा नाश्ते से लेकर लंच तक, हर समय पसंद किया जाने वाला एक फेमस फूड है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार पनीर की स्टफिंग वाला पराठा खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, उसे बनाना उतना आसान नहीं होता. खासकर जब बात स्टफिंग की आती है. कई बार पराठा बेलते समय पनीर बाहर निकलने लगता है, जिससे पराठा फट जाता है और तवे पर सेंकते समय भी परेशानी होती है. अगर आप भी हर बार इसी समस्या से जूझते हैं, तो इसकी वजह आटा या बेलने का तरीका नहीं बल्कि स्टफिंग की कुछ छोटी-छोटी गलतियां हो सकती हैं. आइए जानते हैं ऐसे आसान टिप्स जो आपके पनीर पराठे को परफेक्ट बना सकते हैं.
पनीर को बारीक कद्दूकस करें
पनीर पराठा बनाते समय सबसे जरूरी बात यह है कि पनीर बिल्कुल बारीक कद्दूकस किया गया हो. अगर पनीर के बड़े टुकड़े रह जाएंगे तो बेलते समय वे आटे को फाड़ सकते हैं. इसलिए हमेशा महीन कद्दूकस किए हुए पनीर का इस्तेमाल करें.
स्टफिंग में ज्यादा नमी न रखें
प्याज, टमाटर या हरा धनिया डालने के बाद स्टफिंग में पानी छूट सकता है. यही अतिरिक्त नमी पराठे को फाड़ने की सबसे बड़ी वजह बनती है. स्टफिंग तैयार करने के बाद अगर उसमें पानी दिखाई दे तो उसे हल्का दबाकर निकाल दें.
मसाले आखिरी समय पर मिलाएं
नमक डालने के बाद पनीर और सब्जियां पानी छोड़ने लगती हैं. इसलिए स्टफिंग तैयार करते समय नमक और बाकी मसाले पराठा भरने से ठीक पहले मिलाएं. इससे मिश्रण सूखा और आसान रहेगा.
आटे की लोई थोड़ी बड़ी रखें
बहुत पतली लोई में ज्यादा स्टफिंग भरने से पराठा फट सकता है. इसलिए आटे की लोई पर्याप्त आकार की रखें और स्टफिंग को जरूरत से ज्यादा न भरें.
धीरे-धीरे बेलें
पराठा बेलते समय ज्यादा दबाव न डालें. हल्के हाथों से और सभी दिशाओं में समान रूप से बेलें. इससे स्टफिंग एक जगह जमा नहीं होगी और बाहर निकलने की संभावना कम रहेगी.
एक और आसान ट्रिक
अगर स्टफिंग बहुत ढीली लग रही हो तो उसमें एक या दो चम्मच भुना बेसन या ब्रेडक्रम्ब्स मिला सकते हैं. यह अतिरिक्त नमी सोखने में मदद करता है और स्टफिंग को बंधा हुआ रखता है.
बारीक पनीर, कम नमी और सही बेलने की तकनीक अपनाकर आप हर बार बिना फटे हुए, मुलायम और स्वादिष्ट पनीर पराठे तैयार कर सकते हैं.
यह भी पढ़े: बिना रेत के, सिर्फ 2 मिनट में भूनेंगे काले चने, कुकर वाली इस ट्रिक से बनेंगे बाजार जैसे क्रंची
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं