नाश्ते में जब भी कुछ हेल्दी बनाने की बात आती है घर के बच्चे और बड़े हेल्दी नाम सुनते ही नाक-मुंह बनाने लगते हैं कि फिर वहीं घिसा-पिटा पराठा या कुछ सिंपल खाने को मिलेगा. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आज हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं, जो खाने में तो स्वादिष्ट है ही साथ ही हेल्दी भी है. जी हां आपने बिल्कुल सही पढ़ा.
हम शेफ हरपाल सिंह द्वारा शेयर पालक पनीर पूड़ी की बेहद आसान और लाजवाब रेसिपी की बात कर रहे हैं. यह पूड़ी सिर्फ दिखने में ही खूबसूरत और हरी-भरी नहीं है, बल्कि इसके अंदर भरी पनीर की स्टफिंग इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है.
कैसे बनाएं पालक पनीर की पूड़ी-
सामग्री-
- पालक 250 ग्राम
- हरी मिर्च- 2 पीस
- पुदीना के पत्ते- 1/4 कप
- पानी- आधा कप
- गेहूं का आटा- 2 कप
- अजवाइन- 1 छोटा चम्मच
- सफेद तिल- 1 छोटा चम्मच
- पनीर- 150 ग्राम
- चाट मसाला- आधा छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर- एक चुटकी
- लाल मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- साबुत जीरा- आधा छोटा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- घी- 1 बड़ा चम्मच
- नमक और तेल- स्वादानुसार और तलने के लिए
विधि-
- सबसे पहले 250 ग्राम पालक को गर्म पानी में हल्का सा उबाल लें यानि (ब्लांच कर लें).
- अब मिक्सी के जार में यह उबला हुआ पालक, 2 हरी मिर्च, थोड़ा सा ताजा पुदीना और थोड़ा सा पानी डालकर एकदम बारीक पीस लें.
- एक बड़े बर्तन में 2 कप गेहूं का आटा छान लें, इसमें हाथों से क्रश करके अजवाइन, सफेद तिल, स्वादानुसार नमक और जो पालक की प्यूरी बनाई थी, उसे डाल दें .
- अब इन सबको मिलाकर एक थोड़ा सा सख्त आटा गूंथ लें, जैसा हम आम पूड़ियों के लिए गूंथते हैं.
- गूंथे हुए आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए एक तरफ रख दें ताकि आटा अच्छे से सेट हो जाए.
- एक अलग बर्तन में पनीर को कद्दूकस कर लें. अब इस पनीर में चाट मसाला, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, साबुत जीरा, काली मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
- अब इस मसालेदार पनीर के मिक्चर से छोटी-छोटी गोलियां बनाकर तैयार रख लें. इससे पूरी में स्टफिंग भरना बहुत आसान हो जाता है.
- अब रखे हुए आटे के ऊपर थोड़ा सा घी लगाएं और इसे एक बार फिर से अच्छे से गूंथ लें. इससे आटा एकदम चिकना और सॉफ्ट हो जाएगा.
- आटे से नींबू के आकार की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. अब एक लोई को कटोरी जैसा आकार दें और उसके बीच में पनीर की एक बॉल रखकर उसे चारों तरफ से अच्छे से बंद कर दें.
- चकला और बेलन पर थोड़ा सा तेल लगाएं ताकि पूरी चिपके नहीं. अब हल्के हाथों से पूरी को गोल-गोल बेल लें.
- ध्यान रहे कि ज्यादा जोर न लगाएं, नहीं तो पनीर बाहर निकल सकता है.
- कढ़ाई में तेल को अच्छा गर्म कर लें. अब बेली हुई पूरियों को गर्म तेल में डालें और कलछी से हल्का सा दबाते हुए दोनों तरफ से सुनहरा और फूला-फूला होने तक डीप फ्राई कर लें.
- आपकी गरमा-गरम, खस्ता और बेहद स्वादिष्ट पालक पनीर पूड़ी तैयार है. इसे आप अपनी पसंद के अचार, ठंडे दही या तीखी चटनी के साथ सर्व करें.
| कुकिंग टिप्स- |
| 1. शेफ हरपाल बताते हैं कि पूरी के लिए आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए. बाद में थोड़ा घी लगाने से पूड़ियों का टेक्सचर बहुत लाजवाब आता है. |
| 2. पालक पीसते समय धनिए की जगह पुदीने के पत्तों का इस्तेमाल करें. |
| 3. पूड़ियों को बेलते समय सूखे आटे का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. बेलने के लिए हमेशा थोड़े से तेल का इस्तेमाल करें. |
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: कोटा की फेमस हींग कचौड़ी घर पर कैसे बनाएं, शेफ भूपी ने बताई सीक्रेट रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं