गर्मियों का मौसम आते ही आम से बने व्यंजनों की चर्चा हर घर में शुरू हो जाती है. कोई आमरस बनाना पसंद करता है तो कोई आम की ठंडी मिठाइयों का स्वाद लेता है. बिहार के गांवों में इस मौसम की एक खास पहचान दाल पूरी और आमरस का पारंपरिक कॉम्बिनेशन भी है. गांवों में आज भी लोग पेड़ों से ताजे आम तोड़कर आमरस तैयार करते हैं और उसके साथ गरमा-गरम दाल पूरी परोसते हैं. मीठे और नमकीन स्वाद का यह मेल हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. बिहार के कई परिवारों में छुट्टियों, मेहमानों के आने या किसी खास दिन पर दाल पूरी और आमरस बनाया जाता है. बाहर से सुनहरी और कुरकुरी पूरी के अंदर मसालेदार चना दाल की स्टफिंग होती है, जबकि ठंडा और रसीला आमरस उसके स्वाद को बैलेंस करता है. यहां हम आपको बता रहे हैं यूट्यूब के एक चैनल 'अनीता जी का किचन' के द्वारा शेयर की गई दाल पूरी और आमरस की रेसिपी.
दाल पूरी और आमरस के लिए सामग्री-
- 4 से 5 पके हुए मीठे आम
- 2 बड़े चम्मच चीनी (जरूरत अनुसार)
- 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- कुछ बर्फ के टुकड़े
- दाल पूरी के लिए सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- 1 कप चना दाल
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच सौंफ
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- तलने के लिए तेल
दाल पूरी बनाने की विधि-
- सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर 3 से 4 घंटे के लिए भिगो दें. इसके बाद दाल को हल्का उबाल लें ताकि वह नरम हो जाए, लेकिन पूरी तरह गलने न पाए. अब दाल को छानकर दरदरा पीस लें.
- एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें जीरा, सौंफ तथा मसाले डालकर भूनें. इसके बाद पिसी हुई दाल डालें और कुछ मिनट तक चलाते हुए पकाएं. जब मिश्रण सूखा और खुशबूदार हो जाए, तब गैस बंद कर दें.
- अब आटे को गूंधकर छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई में दाल की स्टफिंग भरें और सावधानी से बेल लें. गरम तेल में इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
आमरस बनाने का तरीका-
आमों को धोकर उनका गूदा निकाल लें. गूदे को मिक्सर में डालें और इलायची पाउडर के साथ ब्लेंड कर लें. अगर आम कम मीठे हों तो थोड़ी चीनी भी मिला सकते हैं. तैयार आमरस को फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें.
क्यों खास है यह कॉम्बिनेशन?
दाल पूरी और आमरस का मेल स्वाद के साथ परंपरा का भी एहसास कराता है. एक तरफ मसालेदार दाल पूरी होती है तो दूसरी तरफ ठंडा और मीठा आमरस. यही संतुलन इस व्यंजन को खास बनाता है. गर्मियों में परिवार के साथ बैठकर इसका आनंद लेना किसी छोटे उत्सव से कम नहीं लगता.
परोसने का तरीका-
गरमा-गरम दाल पूरी को ठंडे आमरस के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से कटे हुए मेवे डालकर आमरस को और भी खास बना सकते हैं. यह पारंपरिक बिहारी व्यंजन गर्मियों के खाने में एक अलग ही स्वाद जोड़ देता है.
यह भी पढ़ें- बची हुई रोटी से बनाएं स्वादिष्ट नूडल्स, मिनटों में तैयार होगी ये आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं