विज्ञापन

सिर्फ 1 कप गेहूं के आटे से मिनटों में बनाएं बाजार जैसे कुरकुरे आलू प्याज के पकौड़े, नोट करें रेसिपी

चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का कर रहा है मन, घर में रखे गेहूं के आटे, आलू और प्याज से झटपट तैयार करें स्वादिष्ट पकौड़े.

सिर्फ 1 कप गेहूं के आटे से मिनटों में बनाएं बाजार जैसे कुरकुरे आलू प्याज के पकौड़े, नोट करें रेसिपी
शेफ भरत से सीखें आटे का नया क्रिस्पी आलू-प्याज पकौड़ा.
NDTV

​बारिश के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पकौड़े खाने का मन तो बहुत कर रहा है, पर किचन में बेसन ही खत्म हो गया है. अब ऐसे में क्या करें? क्या पकौड़े बनाने का प्लान कैंसिल कर दें? बिल्कुल नहीं! शेफ भरत (Bharatzkitchen HINDI) ने आलू-प्याज पकौड़ा बनाने का एक बिल्कुल नया और अनोखा तरीका बताया है. 

इन पकौड़ों को बनाने के लिए आपको बेसन की जरूरत ही नहीं है. यह आपके घर में रखे रोज के गेहूं के आटे से ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. ​आइए जानते हैं कि इस नए स्टाइल के क्रिस्पी आलू-प्याज पकौड़े को बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए. 

Latest and Breaking News on NDTV

आटे के स्वादिष्ट पकौड़े. (Image  @Bharatzkitchen HINDI)

कैसे बनाएं आटे के ​पकौड़े- (How To Make Atta Pakoda)

सामग्री-

  • ​गेहूं का आटा- 1 कप 
  • ​कच्चे आलू- 2 
  • ​प्याज- 1 
  • ​हरी मिर्च- 3 से 4 
  • ​कड़ी पत्ता- 8 से 10
  • ​नमक- 1.5 छोटा चम्मच
  • ​चिली फ्लेक्स- आधा छोटा चम्मच
  • ​जीरा- 1 छोटा चम्मच
  • ​अजवाइन- आधा छोटा चम्मच
  • ​काली मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच 
  • ​हल्दी पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • ​पानी- 1 कप
  • ​सूजी- 2 बड़े चम्मच
  • ​चावल का आटा- 2 बड़े चम्मच 
  • ​बेकिंग सोडा- आधा छोटा चम्मच
  • ​हरा धनिया- बारीक कटा हुआ 

विधि-

  1. सबसे पहले दोनों कच्चे आलुओं को छील लें. अब इन्हें एक मीडियम साइज के कद्दूकस से घिस लें. 
  2. घिसने के तुरंत बाद आलुओं को पानी में डाल दें और 5 मिनट के लिए छोड़ दें. 
  3. इससे आलू का एक्स्ट्रा स्टार्च निकल जाएगा और पकौड़े अंदर से खिले-खिले बनेंगे. 
  4. 5 मिनट बाद आलुओं को हाथ से अच्छी तरह निचोड़कर सारा पानी निकाल लें.
  5. निचोड़े हुए आलुओं को एक बड़े बर्तन में निकालें. अब इसमें 1 कप गेहूं का आटा डालें. 
  6. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, कड़ी पत्ता, चिली फ्लेक्स, जीरा, अजवाइन, दरदरी काली मिर्च, हल्दी पाउडर, डेढ़ चम्मच नमक और ढेर सारा हरा धनिया डाल दें. 
  7. नमक डालने से प्याज और आलू अपना पानी छोड़ेंगे, इसलिए पहले इन सबको बिना पानी के अच्छे से मिला लें.
  8. अब इसमें धीरे-धीरे करके 1 कप पानी मिलाएं. ध्यान रहे, बैटर को बहुत ज्यादा गीला या ढीला नहीं करना है, नहीं तो पकौड़ों का शेप अच्छा नहीं आएगा. 
  9. एक फोर्क की मदद से इसे अच्छे से मिलाकर एक गाढ़ा बैटर बना लें. 
  10. इसके बाद घड़ी देखकर पूरे 2 मिनट तक इस बैटर को लगातार फेंटें. 
  11. फेंटने से आटे में लचक आती है और पकौड़े बढ़िया बनते हैं.
  12. अब एक कढ़ाई में तेल गरम होने के लिए रख दें. ध्यान रखें कि कढ़ाई में तेल कम ही रखें, ताकि पकौड़े डालने में आसानी हो. 
  13. तेल जैसे ही गरम हो जाए, तो तेल में डालने से ठीक पहले बैटर में 2 चम्मच सूजी और 2 चम्मच चावल का आटा डालकर मिला लें. 
  14. आखिरी में आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालकर मिक्स करें. सोडा डालते ही बैटर एकदम फूल जाएगा.
  15. अब गरम तेल में हाथ से पकौड़े डालें, इन्हें तुरंत बिल्कुल न हिलाएं, नहीं तो इनका शेप बिगड़ जाएगा. 
  16. ये अपने आप ही तैरकर ऊपर आ जाएंगे और एकदम गोल-गोल फूल जाएंगे. 
  17. इन्हें मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छे से फ्राई कर लें.
  18. आपके गरमा-गरम, सुपर क्रिस्पी और टेस्टी नए स्टाइल के आलू-प्याज पकौड़े बनकर तैयार हैं. 
  19. इन्हें तीखी चटनी या टोमैटो केचप और गरम चाय के साथ सर्व करें. 

यहां देखें रोसिपी वीडियो-

ये भी पढ़ें-  आज क्या बनाऊं: किचन में रखें सामान से मिनटों में तैयार करें केरल का फेमस पाल केक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakoda Recipe Video, Pakoda Recipe In Hindi, Atta Recipes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com