Neer Mor Recipe: गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना सबसे जरूरी होता है. ऐसे में खुद को तरोताज़ा रखने के लिए लोग नींबू पानी, छाछ और शरबत जैसी चीजों का सहारा लेते हैं. अगर आप भी रोज एक जैसा ड्रिंक पीकर बोर हो गए हैं, तो दक्षिण भारत का पारंपरिक पेय नीर मोर (Neer Mor) ट्राई कर सकते हैं. यह मसालेदार छाछ जैसा ड्रिंक स्वाद में हल्का, ताजगी से भरपूर और गर्मी में राहत देने वाला माना जाता है. तमिलनाडु और केरल में इसे लंबे समय से गर्म मौसम में पिया जाता रहा है. इसकी खास बात यह है कि यह कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाता है और इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती.
क्या है नीर मोर?
नीर मोर एक पारंपरिक दक्षिण भारतीय पेय है, जिसे दही, पानी और कुछ हल्के मसालों के साथ बनाया जाता है. यह साधारण छाछ से थोड़ा अलग होता है क्योंकि इसमें अदरक, करी पत्ता और हरी मिर्च का स्वाद भी शामिल किया जाता है.
नीर मोर बनाने के लिए आपको क्या चाहिए? (Ingredients For Making Neer Mor)
- 1 कप दही
- 2 से 3 कप ठंडा पानी
- 1 इंच अदरक
- 1 हरी मिर्च
- 8-10 करी पत्ते
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- स्वादानुसार नमक
- थोड़ा सा हरा धनिया
कैसे बनाएं नीर मोर? (How To Make Neer Mor)
- सबसे पहले दही को अच्छी तरह फेंट लें. अब इसमें ठंडा पानी मिलाकर पतली छाछ तैयार करें.
- अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता और जीरा को मिक्सर में हल्का पीस लें. इस मिश्रण को छाछ में डाल दें.
- अब स्वादानुसार नमक मिलाएं और अच्छी तरह मिक्स करें. चाहें तो इसे छान भी सकते हैं.
- ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और कुछ देर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें.
नीर मोर शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. कई लोग इसे दोपहर के भोजन के साथ या शाम के समय पीना पसंद करते हैं. अगर आप इसका स्वाद और बढ़ाना चाहते हैं, तो ऊपर से कुछ करी पत्ते और भुना हुआ जीरा पाउडर डालकर सर्व करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं