विज्ञापन

हॉरर किलिंग का खुलासा: ग्वालियर में पिता और भाइयों ने शादीशुदा बेटी को मारकर जलाया, 26 दिन बाद खुला राज

ग्वालियर के डबरा में हॉरर किलिंग का मामला सामने आया. पिता और भाइयों ने बेटी की हत्या कर शव जलाया, 26 दिन बाद खुलासा.

हॉरर किलिंग का खुलासा: ग्वालियर में पिता और भाइयों ने शादीशुदा बेटी को मारकर जलाया, 26 दिन बाद खुला राज
ग्वालियर हॉरर किलिंग: पिता-भाइयों ने बेटी को मारकर जलाया, 26 दिन बाद खुलासा

Horror Killing Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां एक पिता और उसके बेटों ने मिलकर अपनी ही शादीशुदा बेटी की हत्या कर दी. घटना डबरा के लखीया गांव की है, जिसमें 33 वर्षीय जूली गुर्जर की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को जलाकर खेत और कुएं में फेंक दिया गया. यह खौफनाक सच्चाई घटना के करीब 26 दिन बाद सामने आई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल आरोपी पिता और भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

हॉरर किलिंग का सनसनीखेज मामला

डबरा के लखीया गांव में सामने आए इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. आरोप है कि पिता और भाइयों ने मिलकर अपनी ही बेटी जूली गुर्जर की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया.

5 मई को लापता हुई थी जूली

बताया जा रहा है कि जूली गुर्जर 5 मई को अचानक घर से गायब हो गई थी. इस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था.

प्रेम संबंध बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, जूली का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था, जो आगे चलकर इस खौफनाक वारदात की वजह बना.

8 मई की रात हुई हत्या

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 8 मई की रात जूली और उसके पिता किशन गुर्जर के बीच विवाद हुआ. इस दौरान गुस्से में आकर पिता ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.

शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी पिता और उसके बेटों ने मिलकर शव को खेत में ले जाकर आग के हवाले कर दिया. इसके बाद जले हुए अवशेषों को खेत और पास के कुएं में फेंक दिया गया, ताकि घटना का कोई सबूत न बचे.

26 दिन बाद खुला मामला

करीब 26 दिन तक यह मामला छुपा रहा. बाद में किसी तरह घटना की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आई और जांच तेज कर दी गई.

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी तुरंत गांव पहुंचे और आरोपियों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने मृतका के पिता किशन गुर्जर सहित भाई दीपक, रामसेवक और अजय गुर्जर को हिरासत में ले लिया है.

अवशेषों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस टीम आरोपियों की निशानदेही पर उस स्थान तक पहुंची, जहां शव के अवशेष फेंके गए थे. फिलहाल खेत और कुएं में पड़े अवशेषों को तलाशने का काम जारी है. इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, एसडीओपी सौरभ कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पूरे घटनाक्रम की जांच अलग-अलग एंगल से की जा रही है.

इलाके में दहशत और आक्रोश

इस निर्मम घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें : दिल्ली हादसे के बाद भोपाल में खतरे की घंटी; 2 हजार होटल में सिर्फ 40 के पास NOC, बेसमेंट बार बने सबसे बड़ा खतर

यह भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव: नए चेहरों को मौका; कौन हैं तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल जिन्हें BJP ने MP से बनाया प्रत्याशी

यह भी पढ़ें : लापता विधायक वाले पोस्टर पर बवाल; नेपानगर में कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने, सियासत गरमाई

यह भी पढ़ें : कूनो में जन्मी मादा चीता KGP-11 घायल मिली; मुरैना में रेस्क्यू, पालपुर में इलाज जारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com