16 दिनों तक चलने वाले महालक्ष्मी व्रत (Mahalaxmi Vrat Recipes) का समापन कल हो जाएगा. मान्यता है कि इस व्रत को करने से घर में मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और जीवन में सुख शांति का वास होता है. महालक्ष्मी व्रत के आखिरी दिन कई घरों में पारंपरिक भोग तैयार किए जाते हैं. खीर, पंचामृत, पंजीरी और हलवा जैसी रेसिपीज़ न सिर्फ पूजा की थाली का हिस्सा होती हैं, बल्कि परिवार के साथ साझा की जाने वाली पारंपरिक डिशेज़ भी मानी जाती हैं. अगर आप कम समय में कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो ये 5 रेसिपीज़ ट्राई कर सकते हैं.
महालक्ष्मी व्रत में बनाएं ये 5 पारंपरिक रेसिपीज-
1. चावल की खीर-
चावल की खीर कई घरों में महालक्ष्मी व्रत और अन्य धार्मिक अवसरों पर बनाई जाती है. दूध, चावल और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह रेसिपी स्वाद में सरल लेकिन खास होती है.
कैसे बनाएं- एक लीटर दूध को अच्छे से उबाल लें. इसमें थोड़े से धुले हुए चावल डालकर धीमी आंच पर पकने दें. जब चावल गल जाएं और दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें अपनी पसंद के अनुसार चीनी या गुड़ और थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला लें. बस, आपकी स्वादिष्ट खीर तैयार है.
2. पंचामृत-
पंचामृत दूध, दही, घी, शहद और अन्य सामग्री से तैयार किया जाने वाला पारंपरिक मिश्रण है, जिसे कई पूजा-अर्चनाओं में शामिल किया जाता है.
कैसे बनाएं- एक बर्तन में ताजा गाय का दूध लें. इसमें दही, थोड़ा सा शहद, पिघला हुआ घी और गंगाजल मिला लें. लास्ट में इसमें मखाने और तुलसी के ताजे पत्ते डाल दें. पंचामृत भोग के लिए तैयार है.

3. मखाने की खीर-
मखाना प्रोटीन, कैल्शियम और फाइबर का स्रोत माना जाता है, इसलिए यह व्रत में लोकप्रिय है.
कैसे बनाएं- एक चम्मच घी में मखानों को हल्का गोल्डन होने तक भून लें. थोड़े से मखानों को दरदरा पीस लें और बाकी को साबुत रहने दें. अब उबलते हुए दूध में इन मखानों को मिलाएं, साथ ही चीनी और इलायची पाउडर डालें. इसे 5 से 7 मिनट तक पकाएं और भोग तैयार है.
4. सूजी का हलवा-
कम सामग्री और कम समय में तैयार होने की वजह से सूजी का हलवा अक्सर पूजा और त्योहारों की थाली में शामिल किया जाता है.
कैसे बनाएं- एक पैन में घी गर्म करें और उसमें सूजी डालकर हल्की महक आने तक भून लें. अब इसमें पानी और चीनी डालकर लगातार चलाएं ताकि गांठ न पड़े. जब हलवा गाढ़ा हो जाए, तो ऊपर से काजू और बादाम के टुकड़े डालकर गैस बंद कर दें.
5. पंजीरी-
व्रत के दिनों में पंजीरी का भोग लगाना बहुत पारंपरिक है. इसे आप व्रत के एक दिन पहले भी बनाकर डिब्बे में रख सकते हैं.
कैसे बनाएं- पैन में घी गर्म करके मखाने, काजू, बादाम और ग्रेट किया हुआ सूखा नारियल हल्का भून लें. ठंडा होने पर इसे थोड़ा दरदरा पीस लें. अब इसमें पिसी हुई चीनी या बूरा और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिला लें.
ये भी पढ़ें- Mahalaxmi Vrat 2026: महालक्ष्मी व्रत में क्या खाएं और किन चीजों से बनाएं दूरी? जानिए...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं