16 दिन तक चलने वाला महालक्ष्मी व्रत कल यानि शनिवार को संपन्न होगा. इस दौरान श्रद्धालु मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के साथ विशेष व्रत का पालन करते हैं. हिंदू धर्म में महालक्ष्मी व्रत (Mahalaxmi Vrat 2026) का खास महत्व है. मान्यता है कि इस व्रत को करने से घर में मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और जीवन में सुख शांति का वास होता है. लेकिन हर व्रत की तरह महालक्ष्मी व्रत में भी खाने-पीने और नियमों का पालन करना जरूरी है. अगर आप भी यह व्रत रख रहे हैं या इसके नियमों को लेकर कन्फ्यूजन में हैं, तो इस आर्टिकल में जानें कि व्रत में क्या खाएं और क्या नहीं.
महालक्ष्मी व्रत में क्या खाना चाहिए?
- ताजे फल और जूस- सेब, केला, पपीता, अनार और मौसम के हिसाब से मिलने वाले दूसरे ताजे फल आप खा सकते हैं. ये पेट को हल्का रखने और एनर्जी देने में मददगार हैं. आप चाहें तो फलों का ताजा जूस भी पी सकते हैं. इससे आपको व्रत के दौरान कमजोरी महसूस नहीं होगी.
- दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स- दूध, दही, छाछ और पनीर का सेवन इस व्रत में बहुत अच्छा माना जाता है. इससे शरीर को भरपूर एनर्जी मिलती है, दिनभर आप खुद को एनर्जेटिक महसूस करते हैं.
- कुट्टू और सिंघाड़े का आटा- व्रत के दिनों में गेहूं के आटे की जगह कुट्टू, सिंघाड़े या राजगीर के आटे से बनी रोटियां या पूरी बनाई जा सकती हैं. अगर आप व्रत में कुछ हैवी खाना चाहते हैं, तो ये बेस्ट ऑप्शन है.
- साबूदाना और मखाने- साबूदाना की खिचड़ी या मखाने की खीर खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पचने में भी बहुत हल्की होती है. आप व्रत के दौरान इनका सेवन कर सकते हैं.
- सेंधा नमक- व्रत के खाने में साधारण नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाता है.

Photo Credit: ndtv
महालक्ष्मी व्रत के दौरान किन चीजों से बनाएं दूरी?
- प्याज और लहसुन- व्रत के खाने में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है.
- साधारण नमक और अनाज- गेहूं, चावल, सूजी और मैदा जैसी चीजें व्रत के नियमों के खिलाफ हैं.
- मसालेदार और बाहर का खाना- बाजार में मिलने वाली तली-भुनी चीजें, पैकेटबंद फूड और बहुत ज्यादा मिर्च-मसाले वाले खाना मना होता है.
- नॉन-वेज और शराब- व्रत के दिनों में मांस, मछली, अंडे और किसी भी तरह की नशीली चीजों या शराब का सेवन नहीं किया जाता है.
व्रत खोलते समय किन बातों का ध्यान रखें?
- व्रत खोलने के बाद एकदम भारी खाना न करें.
- पहले फल, पानी या हल्का प्रसाद लें.
- ऑयली और मसालेदार खाना कम खाएं.
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.
ये भी पढ़ें- FSSAI के एक फैसले से मचा बवाल, PepsiCo और Monster ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, जानिए क्या है पूरा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं