हींग कचौड़ी कैसे बनाएं. (Image YT @chefbhupikitchen)
राजस्थान का कोटा शहर सिर्फ पढ़ाई के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लाजवाब स्ट्रीट फूड के लिए भी जाना जाता है. कोटा के स्ट्रीट फूड की बात हो, और हींग कचौड़ी का जिक्र न हो ऐसा हो ही नहीं सकता है, अगर आप भी कचौड़ी खाने के शौकीन हैं और कोटा वाला स्वाद याद आ रहा है, तो आपको कोटा जाने की जरूरत नहीं है.
मशहूर शेफ भूपी (Chef Bhupi) ने अपने यूट्यूब चैनल पर कोटा की हींग कचौड़ी बनाने की सीक्रेट रेसिपी शेयर की है. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं कोटा की हींग कचौड़ी- (How To Make Kota Hing Kachori Recipe)
सामग्री-
दाल भिगोने के लिए-
- बिना छिलके वाली उड़द की दाल - 1 कप
आटा तैयार करने के लिए-
- मैदा - 2 कप
- तेल - 2 बड़े चम्मच
- नमक - 1 छोटा चम्मच
स्टफिंग के लिए-
- तेल - 2 से 3 बड़े चम्मच
- पतली सौंफ - 2 छोटे चम्मच
- जीरा - 1 छोटा चम्मच
- साबुत धनिया - 1 छोटा चम्मच
- लौंग - 5-6
- काली मिर्च - 10-12
- अदरक - 2 इंच का टुकड़ा
- हरी मिर्च - 5-6
- बेसन - 3 बड़े चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 2 छोटे चम्मच
- धनिया पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी - 1 छोटा चम्मच
- साबुत असली हींग - 1 छोटा चम्मच
- काला नमक - 1 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर - 2 छोटे चम्मच
- गरम मसाला - 1/2 छोटा चम्मच
- हरा धनिया - बारीक कटा हुआ
विधि-
- सबसे पहले 1 कप उड़द की दाल को करीब आधा से एक घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें.
- अब एक बर्तन में 2 कप मैदा और नमक लें. बीच में थोड़ी जगह बनाकर पानी और तेल को एक साथ डालें.
- ध्यान रहे, तेल को मैदे में सीधे रगड़ने के बजाय पानी के साथ मिक्स करके डालें. इसका एक एकदम सॉफ्ट डो तैयार करें और 15-20 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें.
- एक भारी तले की कढ़ाई में 2-3 चम्मच तेल हल्का गरम करें. इसमें सौंफ, जीरा, कुचला साबुत धनिया, लौंग और काली मिर्च डालकर धीमी आंच पर भूनें.
- मसालों की खुशबू आते ही बारीक कटी अदरक और हरी मिर्च डाल दें और 5-6 मिनट पकने दें.
- अब इसमें बेसन, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह भूनें.
- शेफ भूपी बताते हैं कि कोटा की कचौड़ी में हींग का तड़का नहीं लगता, बल्कि साबुत असली हींग को पानी में घोलकर डाला जाता है.
- इस हींग के पानी को कढ़ाई में डालें और साथ ही भीगी हुई उड़द की दाल, सफेद नमक और काला नमक मिलाकर अच्छी तरह भुनाई करें.
- आखिर में अमचूर पाउडर, गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स करें.
- मसाला ठंडा होने पर इसकी छोटी-छोटी बॉल्स बना लें.
- मैदे की छोटी लोइयां तोड़ें और उन्हें कटोरी जैसा शेप दें बीच में मसाले की बॉल रखकर अच्छी तरह बंद करें.
- अब कढ़ाई में तेल लें जो बहुत कम गरम होना चाहिए डालते ही धीमे बबल्स आने चाहिए.
- धीमी आंच पर अलटते-पलटते हुए कचौड़ियों को बैलून की तरह फूलने और गोल्डन होने तक करीब 12-14 मिनट तक तलें.
- आपकी गरमा-गरम, खस्ता कोटा स्टाइल हींग कचौड़ी तैयार है. इसे आप हरी और मीठी चटनी के साथ या फिर प्लेन भी खा सकते हैं.
| कुकिंग टिप्स- |
| 1. कचौड़ी का आटा गूंथते समय तेल को सूखे मैदे में मिलाने के बजाय पानी के साथ मिक्स करके डालें, इससे मैदा बहुत आसानी से सेट होता है. |
| 2. समोसे का आटा सख्त होता है, लेकिन कचौड़ी का आटा हमेशा सॉफ्ट लगाना चाहिए. |
| 3. कचौड़ी में लंबे समय तक हींग की खुशबू बनाए रखने के लिए हींग को सीधे तेल में न डालकर पानी में घोलकर मसाले में मिलाएं. |
| 4. कचौड़ियों को हमेशा बिल्कुल हल्के गरम तेल में डालें अगर तेल ज्यादा गरम होगा, तो कचौड़ी ऊपर से जल जाएगी और अंदर से कच्ची रह जाएगी. |
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: न मावा, न कोई केमिकल कलर, सिर्फ 2 आम और बेसन से बनाएं हलवाई जैसी दानेदार बर्फी
लेखक के बारे में
आराधना सिंह
सीनियर सब एडिटर
दिल से फूडी हूं! इटेलियन, चाइनीज और इंडियन फूड्स खाना ही नहीं उनके बारे में जानना और बात करना भी पसंद है. नए स्वाद और फूड की तलाश का जुनून हर समय रहता...
और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Kota Kachori, Kachori Banane Ka Tarika, Rajasthani Recipe In Hindi