विज्ञापन

आज क्या बनाऊं: किचन में रखें सामान से मिनटों में तैयार करें केरल का फेमस पाल केक

क्या आपको भी मीठा खाना पसंद है, लेकिन वही पुराना केक खाकर हो गए हैं बोर? तो आज ही ट्राई करें केरल का पाल केक, स्वाद ऐसा कि भूल जाएंगे दूसरी मिठाई खाना.

आज क्या बनाऊं: किचन में रखें सामान से मिनटों में तैयार करें केरल का फेमस पाल केक
हर मौके के लिए परफेक्ट है यह टेस्टी पाल केक.
NDTV

Kerala Famous Pal Cake Sweet: मीठे का नाम लेते ही हमारे दिमाग में सबसे पहला ख्याल केक या फिर बाजार के गुलाब जामुन का आता है. अगर आप भी एक ही तरह का केक या मीठा खा-खाकर बोर हो गए हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको केरल की एक बेहद मशहूर मिठाई के बारे में बता रहे हैं, जिसे पाल केक (Pal Cake) नाम से जाना जाता है.

​केरल की यह पारंपरिक डिश दिखने में जितनी लाजवाब है, खाने में उतनी ही रसीली और सॉफ्ट होती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको न तो अंडे की जरूरत पड़ेगी और न ही महंगे मावे या मिल्क पाउडर की. इसका स्वाद काफी हद तक आपके पसंदीदा गुलाब जामुन जैसा होता है, जो मुंह में रखते ही मक्खन की तरह घुल जाता है. शेफ निशा मधुलिका ने अपने यूट्यूब चैनल (@nishamadhulika) में इसकी बेहद आसान रेसिपी शेयर की है, तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका.  

Latest and Breaking News on NDTV

स्वादिष्ट पाल केक रेसिपी घर पर कैसे बनाएं. (Image @nishamadhulika)

कैसे बनाएं पाल केक रेसिपी- (How To Make Pal Cake Recipe)

सामग्री-

  • ​दही- 1/4 कप
  • ​घी- 1 बड़ा चम्मच 
  • ​मिल्क पाउडर- 2 बड़े चम्मच 
  • ​बेकिंग सोडा- 1/4 छोटी चम्मच 
  • ​मैदा- 1 कप 
  • ​चीनी- 1.5 कप 
  • ​इलायची- 3 से 4 (कुटी हुई)
  • ​केसर के धागे- 20 से 25 

विधि-

  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 1/4 कप ताजा दही और 1 बड़ा चम्मच घी लें. 
  2. इसमें 2 चम्मच मिल्क पाउडर और 1/4 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें. 
  3. आप देखेंगे कि यह मिक्चर एकदम झागदार हो जाएगा. अब इसमें आधा-आधा करके मैदा मिलाएं और हल्के हाथों से गूंथ लें. 
  4. अगर आटा सूखा लगे, तो थोड़ा सा पानी या दूध मिलाकर एकदम सॉफ्ट आटा तैयार कर लें. 
  5. इसके बाद इसे ढककर कुछ देर के लिए छोड़ दें ताकि आटा अच्छी तरह फूल जाए.
  6. अब गैस पर एक बर्तन रखें और उसमें डेढ़ कप चीनी और डेढ़ कप पानी डालें. यानी जितनी चीनी, उतना ही पानी लेना है. इसे मीडियम-हाई आंच पर तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए. 
  7. अब इसमें कुटी हुई इलायची और केसर के धागे डाल दें. चीनी घुलने के बाद इसे बस 2-3 मिनट और पकाएं. 
  8. हमें इसके लिए तार वाली चाशनी नहीं चाहिए, बस गुलाब जामुन जैसी चिपचिपी चाशनी बनानी है. चाशनी बनने के बाद गैस बंद करके इसे थोड़ा ढककर रख दें.
  9. अब फूले हुए आटे की एक बड़ी और गोल लोई बना लें. चकले या बोर्ड पर थोड़ा सा घी लगाकर इस लोई को मोटा बेल लें. 
  10. ध्यान रहे कि इसे सामान्य पराठे से दोगुने से भी ज्यादा मोटा रखना है. 
  11. पाल केक आमतौर पर चौकोर शेप के होते हैं, इसलिए चाकू या पिज्जा कटर की मदद से इसे चौकोर टुकड़ों में काट लें.
  12. कढ़ाई में तेल गरम करें. केक तलने के लिए तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और गैस की आंच मीडियम रखें. 
  13. कटे हुए टुकड़ों को तेल में डालें. ये तुरंत तैरकर ऊपर आ जाएंगे. अब इन्हें अलट-पलट कर दोनों तरफ से बढ़िया गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें. 
  14. तलने के बाद इन्हें तुरंत गरम चाशनी में डाल दें. इसी तरह सारे केक तलकर चाशनी में डुबा दें और 3 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि ये अंदर तक रस सोख लें.
  15. ​3 घंटे बाद आपका शानदार, रसीला और मोटा-मोटा पाल केक बनकर तैयार है, जिसे आप फ्रिज में रखकर पूरे 7 दिनों तक मजे से खा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है आयरन और कैल्शियम से भरपूर मोरिंगा चीला, नाश्ते में जरूर करें शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala Sweet Dish, Eggless Cake Recipe At Home, Sweet Recipe In Hindi, Nisha Madhulika Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com