केला एक ऐसा फल है जो लगभग हर घर में आसानी से मिल जाता है. कोई इसे जिम जाने से पहले खाता है, कोई नाश्ते में, तो कई लोग रात को भूख लगने पर भी एक केला छीलकर खा लेते हैं पर इसे कब खाना चाहिए और कब नहीं, इसको लेकर लोगों के दिमाग में बड़ी कन्फ्यूज़न रहती है. इंटरनेट पर तो इतने तरह के नुस्खे और ज्ञान तैर रहे हैं कि समझ ही नहीं आता किसकी सुनें. कोई कहता है सुबह खाली पेट मत खाओ, कोई रात में खाने से मना करता है. सच तो ये है कि केला खाने का कोई एक फिक्स टाइम नहीं होता. आप अपनी बॉडी की सहूलियत के हिसाब से इसे कभी भी ले सकते हैं.

केले में ऐसा क्या खास है?
पोषण के मामले में केला काफी बढ़िया फल है. इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम और विटामिन B6 अच्छी-खासी मात्रा में पाया जाता है. अगर आंकड़ों की बात करें तो एक मीडियम केले से आपको लगभग 422 mg पोटैशियम और 0.4 mg विटामिन B6 मिल जाता है. पोटैशियम हमारी मांसपेशियों और नसों को सही से काम करने में मदद करता है, वहीं B6 बॉडी के एंजाइम्स के लिए जरूरी है क्योंकि इसमें कार्ब्स अच्छे होते हैं, इसलिए वर्कआउट करने वाले लोग इसे एनर्जी बूस्टर की तरह खाते हैं.
खाली पेट खाएं या दूध के साथ?
अब सवाल आता है कि क्या सुबह-सुबह खाली पेट केला खाना सही है? अगर आपको इसे खाकर कोई भारीपन या गैस नहीं बनती, तो आराम से खाइए, लेकिन अगर पेट थोड़ा सेंसिटिव है, तो अकेले केला खाने के बजाय इसे ओट्स, ब्रेड या दही के साथ ले लें. रही बात बनाना शेक की, तो दूध और केले की जोड़ी काफी पॉपुलर है. एक से प्रोटीन मिलता है और दूसरे से कार्ब्स. बस ध्यान ये रखना है कि अगर आपको दूध पचने में दिक्कत (लैक्टोज प्रॉब्लम) है, तो गैस या पेट फूलने की समस्या हो सकती है. इसमें केले की गलती नहीं होती.

रात में केला और बीमारियों में परहेज
रात में केला खाने से वैसे कोई नुकसान नहीं है, पर अगर आपको देर रात फल खाकर पेट भारी-भारी सा लगता है, तो बेहतर होगा कि आप इसे दिन के टाइम ही खाएं. कुछ लोगों को थोड़ी सावधानी बरतने की ज़रूरत होती है जैसे डायबिटीज के मरीज. केले में नेचुरल शुगर होती है जो शुगर लेवल बढ़ा सकती है, इसलिए कंट्रोल मात्रा में ही खाएं. इसके अलावा, जिन्हें किडनी की बीमारी है, उन्हें भी डॉक्टर से पूछकर खाना चाहिए क्योंकि उनकी बॉडी एक्स्ट्रा पोटैशियम को आसानी से बाहर नहीं निकाल पाती.
कुल मिलाकर देखें तो केला सस्ता भी है और सेहत के लिए फायदेमंद भी, लेकिन हां, सिर्फ केले के भरोसे रहना सही नहीं होगा. अच्छी सेहत के लिए बाकी फल, हरी सब्जियां, दालें और प्रोटीन भी आपकी थाली में होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें: लहसुन खाने का सही तरीका जान लें, वरना फायदे की जगह हो सकती है परेशानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं