घर में शादी का कार्ड आया नहीं कि रात को क्या-क्या खाना है, इसके बारे में पहले से ही सोचने लग जाते हैं. वो चाट का स्टॉल, गोलगप्पे की महक, पनीर टिक्का, दही भल्ले, पूरी, पुलाव, दाल मखनी, मिठाई और आइसक्रीम देखते ही दूल्हा-दुल्हन पर नजर तो बाद में जाती है, पहले कदम खाने के स्टॉल की तरफ बढ़ जाते हैं. एक प्लेट में कितना कुछ आ जाता है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल होता है.
लेकिन अब हो सकता है कि शादी की इस 'फूड जर्नी' में एक नया ट्विस्ट आ जाए. जी हां, बिल्कुल सही सुना आपनेकर्नाटक में जल्द ही बड़े आयोजनों में परोसे जाने वाले खाने के साथ उसकी कैलोरी की जानकारी भी दिखाई जा सकती है. है ना, एकदम इंटरेस्टिंग.
शादी के खाने के साथ मिलेगा कैलोरी का 'हिसाब'
कर्नाटक में अब शादी और बड़े फंक्शन में खाने के साथ उसकी कैलोरी भी बतानी होगी. खाद्य सुरक्षा विभाग यानी FDA एक नया नियम लाने वाला है, इस नियम के मुताबिक, अगर 50 से ज्यादा लोगों का कार्यक्रम है तो कैटरिंग वाले को हर खाने की चीज के साथ उसकी कैलोरी भी लिखकर दिखानी पड़ेगी. मतलब अब प्लेट में क्या है और उसमें कितनी कैलोरी है, ये आपको पहले से पता चल जाएगा.
यानी अगली बार शादी में प्लेट उठाने से पहले आपको यह भी पता चल सकता है कि जिस डिश को आप खाने जा रहे हैं, उसमें कितनी कैलोरी है. अब सोचिए, सामने गरमा-गरम समोसा है और उसके बगल में लिखा है 'इतनी कैलोरी' क्या आप फिर भी दो समोसे लेंगे?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर के. श्रीनिवास कि “जब लोग शादी या किसी बड़े इवेंट में जाते हैं तो एक के बाद एक बहुत सारी डिश परोसी जाती हैं. जैसे मटन करी, फिश फ्राई, बिरयानी, सांभर, चावल और साथ में 1 से 2 मिठाइयां भी. ऐसा खाना खाने के बाद एक इंसान एक बार में करीब 5,000 कैलोरी तक खा लेता है. ”बस यही वजह है कि अब FDA शादी और बड़े आयोजनों में हर डिश के साथ कैलोरी लिखवाने की सोच रहा है.
कैलोरी देखकर क्या बदलेगा?
कैलोरी की जानकारी देने का मकसद लोगों को शादी का खाना खाने से रोकना नहीं है. मकसद सिर्फ इतना है कि लोगों को पता हो कि उनकी प्लेट में क्या और कितना जा रहा है. अगर किसी को पता है कि उसने पहले ही काफी भारी खाना खा लिया है, तो वह मिठाई या दूसरी हाई-कैलोरी चीज की मात्रा कम करने का फैसला कर सकता है. यानी फैसला आपका होगा, लेकिन जानकारी आपके सामने होगी.
हर डिश के सामने लिखी होगी कैलोरी
नए नियम के हिसाब से बड़े फंक्शन में हर खाने की चीज के साथ उसकी कैलोरी भी लिखी होगी. जिसका मतलब है कि मेन्यू में सिर्फ बिरयानी, मटन करी या मिठाई का नाम नहीं होगा, साथ में ये भी बताया जाएगा कि उसमें कितनी कैलोरी है. इसका मकसद ये नहीं है कि लोग मनपसंद खाना न खाएं. बस उन्हें पता चल जाए कि वो कितनी कैलोरी वाला खाना खा रहे हैं.
कर्नाटक में शादियों और बड़े आयोजनों में परोसे जाने वाले खाने के साथ कैलोरी की जानकारी दिखाने का प्रस्ताव अभी लागू नहीं हुआ है। हालांकि, FSSAI पहले भी खाने में कैलोरी डिस्प्ले करने की बात कह चुका है. अब FDA 50 से अधिक लोगों वाले कार्यक्रमों में हर डिश की कैलोरी बताने संबंधी एडवाइजरी जारी करने की तैयारी कर रहा है.
इसे भी पढ़ें: 15 अगस्त की रूफटॉप पार्टी में छा जाएंगे ये 15 मिनट वाले स्नैक्स, मेहमान भी करेंगे तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं