ऑनलाइन दूध, किराना या इलेक्ट्रॉनिक सामान मंगाने के लिए आज बड़ी संख्या में लोग Blinkit जैसे क्विक कॉमर्स ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन हाल ही में Blinkit को बड़ा झटका लगा है. महाराष्ट्र FDA ने मुंबई के मालाड स्थित Blinkit की एक फूड स्टोरेज फैसिलिटी की जांच की गई, जहां कई गंभीर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आईं. जांच के दौरान फल और सब्जियों के स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए, वहीं एक्सपायर्ड और टैम्पर्ड फूड प्रोडक्ट्स भी मिले. इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए FDA ने संबंधित फैसिलिटी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
7 अगस्त को हुई फैसिलिटी की जांच
FDA के अधिकारियों द्वारा Blinkit फैसिलिटी की जांच 7 अगस्त को की गई. इस जांच में उन्हें कई गंभीर मिलीं. जांच में फल और सब्जियों के स्टोरेज एरिया में काफी ज्यादा कॉकरोच पाए गए. इन कॉकरोच से खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा कोल्ड स्टोरेज में एक्सपायर्ड, डैमेज और टैम्पर्ड पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स भी मिले.
FIFO और FEFO के नियमों का नहीं किया जा रहा था पालन
जांच में यह भी सामने आया कि फैसिलिटी में फूड स्टोरेज और एक्सपायरी मैनेजमेंट के लिए जरूरी FIFO यानि फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट और FEFO यानि फर्स्ट एक्सपायर्ड, फर्स्ट आउट नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था.
इतना ही नहीं पेस्ट और रोडेंट कंट्रोल सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट तथा साफ-सफाई की व्यवस्था में भी कई कमियां पाई गईं. फूड हैंडलर्स से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और हेल्थ चेकअप दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे और कर्मचारियों के लिए जरूरी सुरक्षा और स्वच्छता उपकरणों का भी अभाव था.
तत्काल फैसिलिटी का लाइंसेंस किया सस्पेंड
फैसिलिटी की ओर से की जा रही नियमों का उल्लंघनों को देखते हुए FDA ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. लाइसेंस सस्पेंशन की अवधि में संबंधित यूनिट को किसी भी तरह के खाद्य उत्पादों की बिक्री, वितरण या अन्य फूड बिजनेस गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं होगी.
ये भी पढ़ें - जब सामान के साथ-साथ दहशत लेकर आया डिलीवरी एजेंट; बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली से पुणे तक की डरावनी कहानियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं