विज्ञापन

सूखे नारियल से घर पर ऐसे बनाएं शुद्ध नारियल तेल, मिक्सी से तैयार, खुशबू से भरपूर और महीनों तक सुरक्षित

Coconut Oil At Home: सही तरीके से बनाने और स्टोर करने पर नारियल तेल कई महीनों तक खराब नहीं होता. आइए जानते हैं आसान स्टेप्स में घर पर नारियल तेल बनाने की पूरी विधि.

सूखे नारियल से घर पर ऐसे बनाएं शुद्ध नारियल तेल, मिक्सी से तैयार, खुशबू से भरपूर और महीनों तक सुरक्षित
घर का बना नारियल तेल बाजार में मिलने वाले तेल से कई मायनों में बेहतर होता है.

How To Make Coconut Oil: अक्सर पूजा-पाठ, त्योहार या किसी पारिवारिक कार्यक्रम के बाद घर में कई सूखे नारियल जमा हो जाते हैं. शुरुआत में तो हम सोचते हैं कि इनसे कुछ बना लेंगे, लेकिन धीरे-धीरे ये अलमारी के किसी कोने में पड़े रह जाते हैं. अगर आपको सूखा नारियल खाना पसंद नहीं है या उससे बनी मिठाई नहीं भाती, तो चिंता की बात नहीं है. इन्हीं सूखे नारियलों से आप घर पर बिल्कुल शुद्ध, खुशबूदार और नेचुरल नारियल तेल तैयार कर सकते हैं. घर का बना नारियल तेल बाजार में मिलने वाले तेल से कई मायनों में बेहतर होता है.

इसमें कोई केमिकल या प्रिजर्वेटिव नहीं होता, इसलिए यह त्वचा और बालों के लिए बेहद फायदेमंद है. इसकी खुशबू इतनी प्राकृतिक और ताजगी भरी होती है कि पूरे घर में हल्की-सी मीठी महक फैल जाती है. खास बात यह है कि सही तरीके से बनाने और स्टोर करने पर यह तेल कई महीनों तक खराब नहीं होता. आइए जानते हैं आसान स्टेप्स में घर पर नारियल तेल बनाने की पूरी विधि.

पहला स्टेप: नारियल की तैयारी

सबसे पहले जितने भी सूखे नारियल हैं, उन्हें तोड़कर अंदर का सफेद हिस्सा निकाल लें. अब इस गिरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, जैसे हम सब्जी काटते हैं. टुकड़े बहुत बड़े न रखें, ताकि मिक्सी में आसानी से पीस सकें.

इन टुकड़ों को लगभग 2 घंटे के लिए साफ पानी में भिगो दें. ऐसा करने से नारियल थोड़ा नरम हो जाता है और पीसते समय स्मूद पेस्ट बनता है. अगर नारियल बहुत ज्यादा सख्त है, तो भिगोने का समय थोड़ा बढ़ाया जा सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Unsplash

दूसरा स्टेप: मिक्सी में पीसने की विधि

अब 1 कप कटे हुए नारियल के टुकड़े लें और मिक्सी जार में डालें. इसमें लगभग उतना ही पानी मिलाएं, जितना नारियल की मात्रा है. मिक्सी को लगातार चलाते हुए नारियल को बारीक पीस लें, ताकि गाढ़ी और चिकनी प्यूरी तैयार हो जाए. ध्यान रखें कि पेस्ट जितना बारीक होगा, उतना ज्यादा दूध निकलेगा और तेल की मात्रा भी बेहतर मिलेगी.

तीसरा स्टेप: नारियल का दूध निकालना

अब एक साफ सूती या मलमल का कपड़ा लें. पिसा हुआ नारियल इस कपड़े में डालें और अच्छी तरह कसकर निचोड़ें. इससे गाढ़ा नारियल दूध बाहर निकल आएगा. यही दूध आगे चलकर तेल में बदलेगा.

जो नारियल का बुरादा कपड़े में बच जाए, उसे फेंकें नहीं. आप इसे धूप में सुखाकर नारियल पाउडर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे लड्डू, बर्फी या सब्जियों में भी मिलाया जा सकता है. इसी प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक सारा नारियल खत्म न हो जाए.

चौथा स्टेज: दूध को अलग होने दें

अब जो नारियल का दूध निकला है, उसे ढककर 12 से 15 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. रातभर रखने पर सबसे अच्छा रिजल्ट मिलता है. अगले दिन आप देखेंगे कि दूध दो हिस्सों में बंट गया है, ऊपर गाढ़ी मलाई जैसी परत और नीचे पानी. ऊपर जमी हुई यह मोटी परत ही असली हिस्सा है जिससे तेल निकलेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

पांचवां स्टेज: मलाई से तेल निकालना

ऊपर जमी हुई मलाई को सावधानी से निकालकर एक भारी तले की कढ़ाई में डालें. अब इसे मध्यम आंच पर पकाना शुरू करें. धीरे-धीरे मलाई गर्म होगी और उसमें से तेल अलग होने लगेगा.

यह प्रक्रिया बिल्कुल दूध की मलाई से घी बनाने जैसी है. लगभग 45 मिनट से 1 घंटे तक इसे पकाएं. जब आपको हल्का भूरा अवशेष दिखने लगे और साफ तेल ऊपर तैरता नजर आए, तो समझ लीजिए कि तेल तैयार है. अब गैस बंद करें और तेल को ठंडा होने दें.

छानकर स्टोर करें

ठंडा होने के बाद एक बार फिर से साफ सूती कपड़े या महीन छलनी से तेल को छान लें. इससे सारे ठोस कण अलग हो जाएंगे और आपको बिल्कुल साफ, पारदर्शी नारियल तेल मिलेगा. इसे कांच की साफ बोतल या स्टील के डिब्बे में भरकर रखें. नमी से दूर और ढक्कन बंद करके रखने पर यह तेल कई महीनों तक सुरक्षित रहता है. करीब 4 सूखे नारियल से लगभग 300 से 400 ग्राम तक शुद्ध तेल निकल सकता है.

नारियल तेल का उपयोग और फायदे | Uses and Benefits of Coconut Oil

घर का बना नारियल तेल आप इन तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं:

  • बालों में लगाने से बाल मुलायम और चमकदार होते हैं.
  • चेहरे पर हल्की मालिश से त्वचा को पोषण मिलता है.
  • सर्दियों में बॉडी ऑयल की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • हल्की मात्रा में खाना बनाने में भी उपयोग किया जा सकता है.

घर में पड़े सूखे नारियल को बेकार जाने देने की बजाय उनसे शुद्ध और खुशबूदार नारियल तेल बनाना एक समझदारी भरा कदम है. यह तरीका आसान है, सस्ता है और पूरी तरह प्राकृतिक है.

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coconut Oil At Home, Make Coconut Oil, Homemade Coconut Oil, Coconut Oil Recipe, DIY Coconut Oil, Mixer Method Coconut Oil, Pure Coconut Oil, Coconut Oil Benefits, How To Make Coconut Oil At Home, Homemade Coconut Oil Recipe, Make Coconut Oil Without Machine, Coconut Oil Making Process, Benefits Of Homemade Coconut Oil, Simple Coconut Oil Recipe, Coconut Oil For Cooking
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com