दीवाली के त्योहार पर घरों में कई तरह के पकवान और स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं. इस मौके पर सूरन यानी जिमीकंद की सब्जी भी कई घरों में खासतौर पर बनाई जाती है. अगर आप इस बार कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मसालेदार सूरन की सब्जी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. सूरन की सब्जी सरसों के तेल, लहसुन, अदरक, हींग और खास मसालों से तैयार की जाती है, जोकि स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. इसकी गाढ़ी और चटपटी ग्रेवी जब आप चखेंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे. सूरन की सब्जी को घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं इसकी रेसिपी.
सूरन की सब्जी के लिए आपको यह सामग्री चाहिए
इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए आपको 1 किलो सूरन, 5 बड़े चम्मच सरसों का तेल, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना, एक चुटकी हींग, 2 सूखी लाल मिर्च, 4 प्याज, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 4 टमाटर की प्यूरी, नमक, अमचूर पाउडर, गरम मसाला और हरा धनिया चाहिए.
गीला मसाला तैयार करने के लिए लहसुन की 8-10 कलियां, एक इंच अदरक का पीस, जीरा, साबुत धनिया, काली मिर्च और काली-पीली सरसों की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं मसालेदार सूरन की सब्जी
- सबसे पहले सूरन को छीलकर मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें. फिर इसे अच्छे से पानी में धो लीजिए. इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और सूरन के टुकड़ों को सुनहरा होने तक तल लें. फिर इन्हें एक प्लेट में निकालकर रख दें.
- अब उसी कड़ाही में मेथी दाना, हींग और सूखी लाल मिर्च डालें. इसके बाद बारीक कटे प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें.
- दूसरी तरफ मिक्सर में सूखी लाल मिर्च, लहसुन, अदरक, जीरा, साबुत धनिया, काली मिर्च और काली-पीली सरसों डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और बारीक पेस्ट तैयार कर लें.
- अब इस पेस्ट को प्याज वाले मसाले में डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह से भूनें. इसके बाद हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और टमाटर की प्यूरी डालकर पकाएं. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें तले हुए सूरन के टुकड़े डाल दीजिए.
- जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर कड़ाही को ढक दें और सूरन के नरम होने तक पकाएं. आखिर में नमक, अमचूर पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह से मिलाएं. ऊपर से हरा धनिया डाल दीजिए. इस तरह आपकी मसालेदार सूरन की सब्जी तैयार हो जाएगी.
किसके साथ खाएं सूरन की सब्जी
इस स्वादिष्ट और मसालेदार सब्जी को गर्मागर्म रोटी, पूरी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. त्योहार के खास मौके पर इस खाने का चटपटा स्वाद खाने का मजा दोगुना कर देता है.
सूरन काटते समय रखें इन बातों का खास ध्यान
सूरन काटते समय कुछ लोगों के हाथों में खुजली या जलन हो सकती है. इससे बचने के लिए सूरन काटने से पहले हाथों में सरसों का तेल लगा लें या इसे काटते समय हाथों में दस्ताने पहन सकते हैं. काटने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना बहुत जरूरी है.
प्रस्तुति : रोशनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं