विज्ञापन

किचन के मसाले और उनके अनौखे काम : छोटी सी लौंग का पानी रात को पीकर सोएं, गैस और भारी पेट से म‍िल सकती है राहत | Healing with Food

रात में लौंग का पानी पीने से पाचन, नींद, ब्लड शुगर और ओरल हेल्थ को फायदे मिल सकते हैं. जानें लौंग का पानी बनाने का तरीका और किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए.

किचन के मसाले और उनके अनौखे काम : छोटी सी लौंग का पानी रात को पीकर सोएं, गैस और भारी पेट से म‍िल सकती है राहत | Healing with Food
Healing with Food: रात में लौंग का पानी पीने से क्या होता है? एक्सपर्ट ने बताए 6 बड़े फायदे
Image: YouTube@@HealthyHamesha

बिरयानी या पुलाव की प्लेट में जब अचानक मुंह में लौंग आ जाती है, तो अकसर लोग उसका स्वाद बिगड़ने पर मुंह बना लेते हैं और उसे प्लेट के एक कोने में निकाल कर रख देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस मसाले को हम इतना मामूली समझते हैं, पुराने जमाने में उसकी कीमत सोने से भी ज्यादा हुआ करती थी. लोग इसे सोने के सिक्कों से तौलकर खरीदते थे. समुद्री रास्ते तय किए जाते थे और इस एक मसाले के लिए बड़ी-बड़ी लड़ाइयां तक लड़ी गई हैं.

आज वही अनमोल लौंग हमारे किचन के किसी छोटे से डिब्बे में चुपचाप पड़ी रहती है. हम इसका इस्तेमाल केवल दाल में तड़का लगाने या पुलाव में खुशबू के लिए करते हैं. हाल ही में मशहूर हेल्थ एक्सपर्ट और यूट्यूबर डॉ. सलीम जैदी ने अपने चैनल पर लौंग के पानी के जबरदस्त फायदों के बारे में बताया है. उनके मुताबिक अगर रात को सोने से पहले सिर्फ एक कप लौंग का पानी पिया जाए, तो यह कुछ स्वास्थ्य समस्याओं में सहायक हो सकता है.

यहां देखें वीड‍ियो - रात को सोने से पहले पिएं लौंग का पानी — फायदे हैरान कर देंगे!

लौंग में ऐसा क्या खास होता है?

खाने का स्वाद बढ़ाने वाली इस छोटी सी कली की असली ताकत इसके अंदर मौजूद एक खास तत्व में है, जिसे यूजिनॉल (Eugenol) कहते हैं. यह एक ऐसा नेचुरल कंपाउंड है जो एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट खूबियों से भरा होता है. जब हम लौंग को पानी में उबालते हैं, तो यह यूजिनॉल और इसके तमाम जरूरी तेल पानी में घुल जाते हैं, जो हमारे शरीर को भीतर से दुरुस्त करते हैं.

घर पर कैसे तैयार करें लौंग का पानी?

इस असरदार ड्रिंक को बनाना बेहद आसान है.

  1. सबसे पहले 4 से 5 साबुत और अच्छी क्वालिटी की लौंग लें.
  2. एक बर्तन में लगभग 200 एमएल (एक बड़ा कप) पानी लें और उसमें लौंग डाल दें.
  3. अब इसे गैस पर रखकर उबालें.
  4. जैसे ही पानी में दो-तीन उबाल आ जाएं, आंच को धीमा कर दें और बर्तन को किसी ढक्कन से अच्छी तरह ढक दें. इसे धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकने दें.
  5. ढकना इसलिए जरूरी है ताकि लौंग के फायदेमंद वोलेटाइल ऑयल्स भाप बनकर उड़े नहीं.
  6. इसके बाद गैस बंद कर दें और पानी को हल्का गुनगुना होने दें.
  7. छानकर रात को सोने से लगभग आधा घंटा पहले घूंट-घूंट करके पिएं.
  8. अगर इसका स्वाद आपको थोड़ा तीखा या कड़वा लगे, तो इसमें आधा चम्मच शहद मिलाया जा सकता है. पर अगर बिना शहद के पिएंगे तो ज्यादा बेहतर नतीजे मिलेंगे.

रात में लौंग का पानी पीने के 7 संभावित फायदे

हाजमा सुधारे और पेट का भारीपन भगाए: अकसर रात का खाना खाने के बाद पेट फूला-फूला सा लगता है, खट्टी डकारें आती हैं या भारी गैस बनने लगती है. डॉ. सलीम बताते हैं कि लौंग का यूजिनॉल पेट में पाचक एंजाइम्स को एक्टिव कर देता है. इससे खाना जल्दी और सही तरीके से पचता है. इसकी एंटी-स्पाज्मोडिक प्रॉपर्टीज पेट की नसों को रिलैक्स करती हैं, जिससे सुबह पेट एकदम हल्का महसूस होता है.

तनाव घटाए और लाए गहरी नींद: कई लोगों को रात में बिस्तर पर जाने के बाद भी नींद नहीं आती और दिमाग में उल्टे-सीधे विचार चलते रहते हैं. लौंग में मौजूद यूजिनॉल दिमाग के गाबा (GABA) रिसेप्टर्स को एक्टिवेट करता है. यह सिस्टम दिमाग को शांत करने और शरीर को आराम की मुद्रा में ले जाने का काम करता है. इसे पीने से रात को बिना बेचैनी के सुकून की नींद आती है.

एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण : रिसर्च बताती है कि लौंग में मौजूद यूजिनॉल में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं. कुछ अध्ययनों में इसे फ्री रेडिकल्स को कम करने और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव से जोड़ा गया है.

ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मदद कर सकता है: डायबिटीज के मरीजों और प्री-डायबिटिक लोगों के लिए भी यह काफी मददगार साबित हो सकता है. स्टडीज बताती हैं कि लौंग के पॉलीफेनॉल्स खाना खाने के बाद तेजी से बढ़ने वाली शुगर स्पाइक को कम करते हैं. यह मांसपेशियों में ग्लूकोज के इस्तेमाल को बढ़ाता है और लिवर में फालतू शुगर बनने से रोकता है. हालांकि यह किसी दवा का विकल्प नहीं है, बल्कि एक नेचुरल सपोर्ट की तरह काम करता है.

बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम से बचाव: सर्दी का मौसम आते ही या मौसम बदलने पर गला खराब होना, खांसी और मौसमी बुखार होना आम बात है. लौंग के एंटी-वायरल गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं. रात में एक कप गुनगुना पानी पीने से गले की खराश में तुरंत आराम मिलता है.

लिवर को करे नेचुरल डिटॉक्स: आजकल के खानपान में बाहर का तला-भुना और स्ट्रीट फूड बहुत ज्यादा शामिल हो गया है, जिसका सीधा असर लिवर पर पड़ता है. लौंग के एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में जमा जहरीले तत्वों (फ्री रेडिकल्स) को बाहर निकालने में लिवर की मदद करते हैं. जब लिवर ठीक रहता है, तो पूरा शरीर हल्का और फुर्तीला महसूस करता है.

मुंह की बदबू और मसूड़ों के दर्द से छुट्टी: लौंग का इस्तेमाल बरसों से दांतों के मंजन में होता आया है. रात को इसका पानी पीने से मुंह में सड़न और बदबू फैलाने वाले बैक्टीरिया खत्म होते हैं. सुबह उठने पर मुंह से बदबू नहीं आती और सांसें एकदम ताजा रहती हैं. मसूड़ों की सूजन और हल्के-फुल्के दर्द में भी यह बहुत राहत देता है.

ब्रश करने के बाद भी कैविटी क्यों होती है? डॉक्टर ने बताया कारण | Watch Video

    किन लोगों को नहीं पीना चाहिए लौंग का पानी?

    लौंग का पानी सेहत के लिए बहुत अच्छा है, लेकिन हर घरेलू नुस्खा हर किसी पर एक जैसा सूट नहीं करता. कुछ लोगों को इसका सेवन करते वक्त ध्यान रखना चाहिए.

    • जो लोग खून पतला करने की दवाइयां (जैसे एस्पिरिन या वार्फरिन) ले रहे हैं, वे इसका इस्तेमाल न करें क्योंकि लौंग खून को पतला करती है और ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है.
    • गर्भवती महिलाएं और स्तनपान कराने वाली माताएं बिना डॉक्टर की सलाह के इसे न लें.
    • छोटे बच्चों को यह पानी देने से बचें.
    • जिन लोगों को पेट में बहुत ज्यादा एसिडिटी या अल्सर की समस्या रहती है, उन्हें लौंग के तीखेपन से पेट में जलन हो सकती है. ऐसे लोग इसे रोज न पिएं, बल्कि हफ्ते में केवल एक या दो बार ही इस्तेमाल करें.
    • अगर आपकी कोई सर्जरी होने वाली है, तो कम से कम दो हफ्ते पहले लौंग का पानी पीना बंद कर दें.

    किचन के मसाले सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं होते, बल्कि सही तरीके से इस्तेमाल किए जाएं तो ये कई छोटी-मोटी बीमारियों का बहुत आसान और सस्ता घरेलू इलाज भी बन सकते हैं.

    यह भी पढ़ें

    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Food, Health, Laung Ka Pani, Pet Ki Acid Kaise Khatm Karen, Gas
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com