हम में से कई लोग ऐसे हैं, जिनके घर में रोजाना दाल बनती होगी. दाल को प्रोटीन का भी अच्छा सोर्स माना जाता है, वेजिटेरियन लोग इसे मुख्य रूप से अपने आहार में नियमित रूप से जोड़ते हैं. लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि रात के समय दाल नहीं खानी चाहिए. अगर आप रात के समय दाल खाते हैं, तो इससे अपच जैसी परेशानी हो सकती है. लेकिन क्या सच में रात में दाल-चावल नहीं खाना चाहिए? इसे जानने के लिए हमने न्यूट्रिशनिस्ट कामिनी सिंहा से बातचीत की. यहां जानते हैं रात में दाल खाना चाहिए या नहीं?
क्या रात में दाल खाना है सुरक्षित?
डायटीशियन कामिनी सिंहा का कहना है कि रात में दाल खाना पूरी तरह से सुरक्षित हो सकता है. लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि आप दाल में खाने के लिए ऐसी दाल चुनें, जिसे पचाना आसान हो सकता है. कोशिश करें कि इस दौरान खाने के लिए मूंग या फिर मसूर दालें चुनें. ये एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसके अलावा ध्यान रखें कि आप डिनर में किसी भी तरह का खाना खा सकते हैं, बस आपको कुछ बातों का ध्यान रखना हो होता है, जैसे-
- रात का खाना सोने से 2-3 घंटे पहले खाएं.
- डिनर हल्का रखें और दाल के साथ ज्यादा तला-भुना या भारी भोजन न लें.
क्या रात में दाल-चावल खा सकते हैं?
डायटीशियन का कहना है कि आप रात में दाल-चावल जैसी चीजें खा सकते हैं. ये काफी अच्छा विकल्प हो सकता है. वहीं, दाल-चावल के अलावा खिचड़ी भी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इससे आपके शरीर को प्रोटीन मिलने के साथ-साथ आपके पेट पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता है.
रात में दाल-चावल खाना चाहिए या नहीं, क्या कहता है आयुर्वेद?
आयुर्वेद एक्सपर्ट श्रेय शर्मा का कहना है कि हर व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति अलग होती है. आयुर्वेद में वात, पित्त और कफ तीन दोषों के आधार पर खानपान तय किया जाता है.
उनका कहना है कि कुछ दालें भारी होती हैं और कुछ हल्की. इसलिए सभी लोगों के लिए एक जैसा नियम लागू नहीं होता. हालांकि, सामान्य तौर पर आयुर्वेद दिन के समय दाल खाने को ज्यादा सही मानता है, क्योंकि रात का भोजन हल्का और आसानी से पचने वाला होना चाहिए. एक्सपर्ट का कहना है कि रात में दाल खाना चाहते हैं, तो मूंग दाल खा सकते हैं. ये दाल हल्की होती है और इसे आसानी से पचा सकते हैं. इसलिए इसे आप रात में खा सकते हैं. लेकिन इसे खाने और सोने के बीच कम से कम 2-3 घंटे का अंतर जरूर होना चाहिए.
ये भी पढ़ें - पितृपक्ष में कौन सी दाल नहीं खानी चाहिए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं