विज्ञापन

आटे और नारियल से घर पर बना लें बाजार जैसे खस्ता बिस्किट, चाय के साथ खाने का बढ़ जाएगा मजा, नोट करें आसान रेसिपी

आइए जानते हैं, घर पर बिस्किट बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे खस्ता बिस्किट बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

आटे और नारियल से घर पर बना लें बाजार जैसे खस्ता बिस्किट, चाय के साथ खाने का बढ़ जाएगा मजा, नोट करें आसान रेसिपी
घर पर कैसे बनाएं बिस्किट?
(Photo Credit: YouTube)

हम भारतीय चाय पीने के बड़े शौकीन होते हैं. खासकर शाम के 4-5 बजते ही चाय की तलब होने लगती है. अब, चाय के साथ कुछ खाने के लिए मिल जाए, तो मजा दो गुना हो जाता है. ऐसे में आप घर पर बाजार जैसे खस्ता और स्वाद में लाजवाब बिस्किट बनाकर रख सकते हैं.  यहां हम आपको इसी की आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी अम्मा की थाली नाम के यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई है. आइए जानते हैं, घर पर बिस्किट बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे खस्ता बिस्किट बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

  • बिस्किट बनाने के लिए आपको आधा कप चीनी 
  • आधा कप सूखा नारियल 
  • एक चम्मच सौंफ
  • डेढ़ कप गेहूं का आटा
  • आधा कप सूजी और 
  • तीन बड़े चम्मच देसी घी की जरूरत होगी.
  • इसके अलावा आटा गूंथने के लिए जरूरत के अनुसार दूध और बिस्किट तलने के लिए तेल रख लें.
कैसे बनाएं बिस्किट?
  • सबसे पहले एक मिक्सर जार लें. इसमें आधा कप चीनी, आधा कप सूखा नारियल और एक चम्मच सौंफ डालकर अच्छी तरह पीस लें. आपको सभी चीजों से बारीक पाउडर तैयार कर लेना है. 
  • अब, एक बड़े बाउल में डेढ़ कप गेहूं का आटा और आधा कप सूजी डालें. इसमें तैयार किया हुआ चीनी और नारियल का पाउडर मिला दें. 
  • इसके बाद तीन बड़े चम्मच देसी घी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. 
  • अब, बाउल में थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम नहीं होना चाहिए.
  • अब, एक चकले या बोर्ड पर थोड़ा सूखा आटा छिड़कें. इसपर तैयार आटा रखकर बेलन की मदद से बेल लें. 
  • इसके बाद किसी गिलास या कटोरी की मदद से बेले हुए आटे को गोल आकार में काट लें. इन बिस्किट के ऊपर कांटे की मदद से छोटे-छोटे छेद बना लें. छेद बनाने से बिस्किट अंदर तक सिक जाते हैं. 
  • अब, एक कड़ाही में तेल गर्म करें, इसके बाद तैयार बिस्किट को तेल में डालकर धीरे-धीरे तल लें. 
  • आपको धीमी आंच पर बिस्किट को हल्का सुनहरा होने तक तलना है. 
  • इसके बाद बिस्किट को निकालकर किसी बटर पेपर पर रख लें. ऐसा करने से सारा एक्स्ट्रा तेल निकल जाएगा. 

इतना करते ही आपके स्वाद में लाजवाब और खस्ता बिस्किट बनकर तैयार हो जाएंगे. आप शाम की चाय के साथ इन बिस्किट का लुत्फ उठा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com