नौतपा का नाम लेते ही भंयकर गर्मी महसूस होने लगती है. क्या आपके साथ भी ऐसा होता है हमारे साथ तो है. इस समय तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से हर कोई बेहाल है. ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी होना, चक्कर आना और पेट की गड़बड़ी जैसी दिक्कतें आम बात हैं. अगर आप भी खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो इन आसान, देसी और सुपर-कूलिंग रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात ये कि इन्हें बनाने के लिए आपको घंटों किचन में खड़े नहीं रहना पड़ेगा. बल्कि बिना गैस के झटपट इन्हें तैयार कर सकते हैं.
कैसे बनाएं हेल्दी ड्रिंक्स- (How To Make Healthy Summer Drinks)
1. पुदीना- छाछ-
गर्मी के दिनों में हैवी खाना पचाना बहुत मुश्किल हो जाता है. ऐसे में छाछ या मट्ठा हमारे डाइजेशन के लिए अमृत जैसा काम करता है.
कैसे बनाएं- 1 गिलास ताजा दही, 1 गिलास ठंडा पानी, आधा चम्मच भुना जीरा, थोड़ा सा सादा नमक, आधा चम्मच काला नमक और पुदीने के पत्ते लें. एक बड़े बर्तन में दही और पानी को डालकर मथनी या ब्लेंडर से अच्छी तरह मिक्स कर लें. अब इसमें काला नमक, सादा नमक और भुना जीरा पाउडर डालें. पुदीने के पत्तों को हाथ से थोड़ा सा तोड़कर या पीसकर छाछ में मिला दें. इसे फ्रिज में रखकर ठंडा करें और दोपहर के खाने के साथ या बाद में एंजॉय करें. यह पेट की जलन को कम करने और गर्मी से बचाने में मददगार है.

2. सत्तू का शरबत-
अगर आप चाहते हैं कि गर्मी में आपको कमजोरी महसूस न हो और पेट भी भरा रहे, तो सत्तू का शरबत बेस्ट ऑप्शन है.
कैसे बनाएं- सत्तू, ठंडा पानी, नींबू का रस, बारीक कटा हुआ प्याज (वैकल्पिक), हरी मिर्च, काला नमक और पुदीना. आप इसे सिंपल चीनी के साथ भी बना सकते हैं. अब एक गिलास ठंडे पानी में 2 चम्मच सत्तू डालें और चम्मच से अच्छी तरह मिलाएं ताकि गांठें न पड़ें. अब इसमें नींबू का रस, काला नमक और थोड़ा सा भुना जीरा डालें. अगर आपको इसका स्वाद और बढ़ाना है, तो इसमें बिल्कुल बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च मिला लें.

3. तरबूज-पुदीना मोजितो-
तरबूज में लगभग 90% पानी पाया जाता है, जो गर्मी से बचाने और पानी की कमी को दूर करने के लिए बेस्ट है.
कैसे बनाएं- 1 कप तरबूज के टुकड़े, 4-6 पुदीने के पत्ते, आधा नींबू का रस, थोड़ी सी पिसी हुई चीनी और सोडा वाटर या ठंडा पानी. अब एक गिलास में पुदीने के पत्ते और नींबू का रस डालकर बेलन या किसी भारी चीज से हल्का सा कुचल (Muddle) लें. अब इसमें तरबूज के टुकड़े डालें और उन्हें भी थोड़ा दबा दें ताकि रस निकल आए. ऊपर से पिसी हुई चीनी, बर्फ के टुकड़े और ठंडा पानी या सोडा डालें. अच्छे से हिलाएं लो तैयार है आपका तरबूज मोजितो. गर्मियों में मजे लें.
4. खीरे-दही-
खीरा शरीर को हाइड्रेट रखने का सबसे आसान जरिया है. जब इसे दही के साथ मिलाया जाता है, तो इसकी ताकत दोगुनी हो जाती है. ये गर्मी के मौसम के लिए बेस्ट है.
कैसे बनाएं- 1 कप कद्दूकस किया हुआ खीरा, 1 कप फेंका हुआ दही, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक और जीरा पाउडर. अब दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूथ हो जाए. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा निचोड़कर मिला दें. ऊपर से बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर डालें. इसे फ्रिज में आधे घंटे के लिए रखें. इसे आप लंच में खाने से साथ पेयर करें.
ये भी पढ़ें- केले के छिलके से बनाएं चटपटी बंगाली सब्जी, खाते ही हर कोई पूछेगा रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं