क्या आपने कभी सपने में कमल का फूल, मंदिर, हाथी या साफ बहता पानी देखा है, सनातन परंपरा में स्वप्न शास्त्र के अनुसार, कुछ सपनों को शुभ संकेत माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक ऐसे सपने सुख, समृद्धि और आर्थिक उन्नति की ओर इशारा कर सकते हैं. हालांकि, ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, हर सपना भविष्य की भविष्यवाणी नहीं होता. सपनों का अर्थ व्यक्ति की मानसिक स्थिति, समय और परिस्थितियों पर भी निर्भर करता है.
कमल का फूल दिखना
ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, सपने में खिला हुआ कमल दिखाई देना माता लक्ष्मी की कृपा का संकेत माना जाता है. मान्यता है कि इससे धन लाभ या कोई शुभ अवसर मिलने की संभावना बन सकती है.
सोना या आभूषण दिखना
अगर सपने में सोना, आभूषण या चमकदार धातु दिखाई दे तो इसे धन, सम्मान और नए अवसर मिलने का शुभ संकेत माना गया है.
हाथी का दर्शन होना
पंडित कौशल पांडेय ने बताया कि शांत या सफेद हाथी का सपना ऐश्वर्य, सुख-समृद्धि और भगवान गणेश की कृपा का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह आर्थिक उन्नति का संकेत भी हो सकता है.
यह भी पढ़ें: सिर पर सफेद बाल दिखने लगें तो शुरुआत में क्या करें? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया क्या करने से नहीं बढ़ेंगे White Hair
साफ बहता हुआ पानी
सपने में साफ और निर्मल बहता पानी देखना सकारात्मक बदलाव, मानसिक शांति और जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. कई मान्यताओं में इसे आर्थिक स्थिति बेहतर होने का संकेत भी बताया गया है.
मंदिर या भगवान के दर्शन
अगर सपने में मंदिर, भगवान की मूर्ति, पूजा या जलता हुआ दीपक दिखाई दे तो इसे बेहद शुभ माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि यह जीवन में शुभ अवसर और बाधाओं से राहत मिलने का संकेत हो सकता है.
हर सपना नहीं होता भविष्य का संकेत
पंडित कौशल पांडेय बताते हैं कि कई बार दिनभर की घटनाएं, तनाव और मन की इच्छाएं भी सपनों का कारण बनती हैं. इसलिए किसी भी सपने को अंतिम सत्य मानने के बजाय सकारात्मक सोच, मेहनत और अच्छे कर्मों पर ध्यान देना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नियमित पूजा और दान भी शुभ फल प्राप्त करने में सहायक माने जाते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें: Rath Yatra 2026: कहां और कैसे तैयार होता है भगवान जगन्नाथ का महाभोग? जानें इससे जुड़ी खास बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं