विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 को लेकर पुरी में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. प्रशासन, पुलिस और फायर सर्विस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. तीनों रथों को पारंपरिक शैली में सजाने का कार्य तेजी से चल रहा है. रथों पर आकर्षक सजावटी कपड़े और बारीकी से तैयार किए गए पीतल के आभूषण लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी भव्यता और अधिक निखर रही है.
पीतल के आभूषणों से सजाया जाता है कपड़ा
रथों की सजावट में लगे पारंपरिक पीतल कारीगर और सेवक सागर साहू कंसारी ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए तैयार किया जाने वाला सजावटी कपड़ा किसी दुल्हन के परिधान की तरह होता है. जब रथ पूरी तरह तैयार होने के बाद इन कपड़ों और पीतल के आभूषणों से सजाए जाते हैं, तो उनकी सुंदरता और भव्यता देखते ही बनती है. उन्होंने बताया कि यह पारंपरिक कला उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली है और अब वह इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. रथ यात्रा के लिए हर वर्ष उन्हें विशेष ऑर्डर मिलता है, जिसके अनुसार वे पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सजावटी सामग्री तैयार करते हैं.

श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
पुरी के कलेक्टर दिव्य ज्योति परिडा ने समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए बताया कि रथ यात्रा 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. इस साल करीब 200 अतिरिक्त एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेटों की तैनाती विभिन्न स्थानों पर की गई है, ताकि भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला जा सके. इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था को पहले की तुलना में काफी बढ़ाया गया है. सभी प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. कलेक्टर ने बताया कि इस बार विभिन्न स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालु दूर से ही रथ यात्रा और उससे जुड़े सभी धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे.
स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्थायी अस्पतालों की भी स्थापना की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपदा से निपटने के लिए भी विशेष योजनाएं तैयार की हैं.
यह भी पढ़ें: नासिक कुंभ मेला 2027: जारी हुआ शाही स्नान का पूरा शेड्यूल, जानिए कब-कब लगेगी आस्था की पवित्र डुबकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं