विज्ञापन

Ganesh Visarjan 2026: देशभर में धूमधाम से हुई बप्पा की विदाई, मुंबई में उमड़ा आस्था का सैलाब, देखिए वीडियो

12 दिनों के गणेशोत्सव के बाद अनंत चतुर्दशी पर देशभर में गणपति विसर्जन हुआ. मुंबई में लालबागचा राजा से लेकर गिरगांव चौपाटी तक बप्पा की विदाई में भक्तों का सैलाब देखने को मिला.

गणेश विसर्जन 2026
Photo Credit: NDTV

12 दिनों तक चले भव्य गणेशोत्सव के बाद शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देशभर में गणपति बप्पा को विदाई दी गई. "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयघोष के बीच श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए नदियों, समुद्र तटों और विशेष कुंडों तक लेकर पहुंचे. इस दौरान देश के कई शहरों से आस्था, उत्साह और भक्ति से भरी तस्वीरें सामने आईं, लेकिन मुंबई में गणपति विसर्जन का नजारा सबसे खास रहा.

मुंबई में दिखा आस्था का सैलाब

मुंबई की सड़कों पर लाखों श्रद्धालुओं का हुजूम नजर आया. शहर के प्रमुख गणेश मंडलों, खासकर लालबागचा राजा, मुंबईचा राजा और प्रसिद्ध गणपति पंडालों की विसर्जन शोभायात्राओं में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. ढोल-ताशों की गूंज, गुलाल की बारिश और बप्पा के जयकारों सेे पूरा शहर भक्तिमय रंग में रंग गया. लालबागचा राजा की विशाल प्रतिमा के दर्शन और विदाई के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं.

गिरगांवचा राजा

गिरगांव चौपाटी पर भी गणपति विसर्जन की भव्यता देखते ही बन रही थी. यहां हजारों श्रद्धालु अपने आराध्य को अंतिम विदाई देने पहुंचे. विशेष आकर्षण 25 फीट ऊंची 'गिरगांवचा राजा' की प्रतिमा रही, जिसे पूरी तरह शाडू मिट्टी से तैयार किया गया था. मूर्ति की पारंपरिक शैली और भव्य रूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया.

सुरक्षा के पूरे इंतजाम

इतने बड़े आयोजन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. शहरभर में 24 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, रैपिड एक्शन फोर्स, स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स और एंटी-ड्रोन यूनििट भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करती नजर आईं.

वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से भी व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं. 25 हजार से अधिक कर्मचारियों, एक हजार से ज्यादा लाइफगार्ड्स और कई नावों को समुद्र तटों पर तैनात किया गया था. इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखतेे हुए शहरभर में 383 आर्टिफिशियल तालाब भी बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया.

बप्पा को भावुक विदाई

सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि भोपाल समेत देश के कई अन्य शहरों में भी गणपति विसर्जन की भावुक तस्वीरें देखने को मिलीं. कई स्थानों पर छोटे बच्चे बप्पा को विदाई देते समय भावुक नजर आए. श्रद्धालुओं का मानना है कि विघ्नहर्ता गणेश अगले साल फिर आएंगे और अपने भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आएंगे.

आस्था, उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच देशभर में गणपति विसर्जन का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. बप्पा की विदाई के साथ ही गणेशोत्सव का समापन हो गया, लेकिन श्रद्धालुओं के दिलों में अब भी यही गूंज सुनाई दे रही है, "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ.'

यह भी पढ़ें: Ganesh Visarjan 2026: 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के बीच मुंबई में शुरू हुआ गणेश विसर्जन, देखिए गणपति जी की विदाई का भव्य नजारा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganesh Visarjan 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com