प्याज का इस्तेमाल लगभग हर घर में रोज ही होता है. लेकिन इसके छिलकों को अक्सर कचरे में डाल दिया जाता है. लोग सब्जी या कोई और डिश बनाने के लिए प्याज का इस्तेमाल कर लेते हैं और इसके छिलकों को कूड़े में फेंक देते हैं. लेकिन अगर आपके घर में पौधे हैं, तो इन छिलकों को फेंकने की बजाय आप इनका खाद बना सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने प्याज के छिलकों से लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
प्याज के छिलकों से खाद कैसे बनाएं?
- गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने के लिए सबसे पहले करीब दो मुट्ठी सूखे प्याज के छिलके लें. आप लाल या सफेद, किसी भी प्याज के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- इन्हें एक प्लास्टिक या कांच के कंटेनर में डालें.
- अब, इसमें करीब एक लीटर पानी डालकर अच्छी तरह मिला दें.
- इसके बाद कंटेनर को ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप न आती हो.
- एक्सपर्ट बताते हैं, गर्मी के मौसम में आप प्याज के छिलकों को पानी में करीब 48 घंटे यानी दो दिन तक रख सकते हैं. वहीं, सर्दियों में इसे करीब चार दिनों पानी में ऐसे ही छोड़ दें.
- इस दौरान पानी का रंग बदलकर हल्का गुलाबी या लाल हो सकता है, साथ ही प्याज की गंध भी आ सकती है.
- समय पूरा होने के बाद पानी को छानकर किसी साफ बोतल या कंटेनर में रख लें. बस इतना करते ही आपके पौधों के लिए लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार हो जाएगा.
एक्सपर्ट ने इसके इस्तेमाल के दो तरीके बताए हैं.
पहला तरीका- अगर आप इसे पौधे की मिट्टी में डालना चाहते हैं, तो इस फर्टिलाइजर को बराबर मात्रा में साफ पानी में मिलाएं. आप एक कप लिक्विड में एक कप पानी मिलाकर इसे पौधे की जड़ों के पास डाल सकते हैं.
दूसरा तरीका- एक्सपर्ट कहते हैं, आप इस फर्टिलाइजर को अपने पौधे की पत्तियों पर भी स्प्रे कर सकते हैं. इसके लिए एक हिस्सा तैयार लिक्विड को तीन हिस्से पानी में मिलाएं. इस मिश्रण को स्प्रे बोतल में भरकर पौधे की पत्तियों और टहनियों पर हल्का-हल्का स्प्रे कर लें.
मल्चिंग में भी कर सकते हैं इस्तेमालप्याज के सूखे छिलकों का इस्तेमाल पौधों की मल्चिंग के लिए भी किया जा सकता है. एक्सपर्ट कहते हैं, खासकर गर्मियों में इन्हें नारियल के छिलके यानी कोकोनट हस्क के साथ मिलाकर पौधे की मिट्टी के ऊपर रखा जा सकता है. इससे छिलकों से मिलने वाला पदार्थ धीरे-धीरे मिट्टी तक पहुंचता रहता है.
इस तरह आप प्याज के छिलकों को फेंकने की बजाय इन्हें अपने पौधे की ग्रोथ बढ़ाने और पौधे को घना बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं