गणेश चतुर्थी का पर्व भगवान गणेश को समर्पित है. इस दिन घर में गणपति की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा की जाती है. मान्यता है कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और उनकी पूजा से घर में सुख-समृद्धि आती है. गणपति बप्पा की पूजा में फूल, दूर्वा और भोग का खास महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान गणेश को दूर्वा घास और लाल रंग के फूल विशेष रूप से प्रिय हैं. माना जाता है कि सच्चे मन से की गई पूजा से गणेश जी प्रसन्न होते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है. चलिए आपको बताते हैं गणपति बप्पा को कौन से फूल और भोग पसंद है.
गणपति बप्पा को कौन-से फूल हैं प्रिय?
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, गणेश जी को लाल फूल प्रिय बताए गए हैं. पूजा में लाल गुड़हल, लाल गुलाब और अन्य सुगंधित फूल चढ़ाए जा सकते हैं. इसके साथ दूर्वा की 21 गांठें अर्पित करना भी शुभ माना जाता है. दूर्वा चढ़ाते समय इसे साफ और ताजा रखना चाहिए.
गुड़हल- लाल रंग का गुड़हल का फूल गणेश जी को अति प्रिय है. इसे अर्पित करने से विघ्न और बाधाएं दूर होती हैं.
अन्य फूल- गुड़हल के अलावा आप लाल गुलाब, गेंदा, चमेली, चांदनी या पारिजात के फूल भी अर्पित कर सकते हैं.
दूर्वा घास- फूल के साथ-साथ बप्पा को 21 गांठ वाली दूर्वा चढ़ाना सबसे अनिवार्य और शुभ माना जाता है.
गणपति जी को कौन-सा भोग लगाएं?
भगवान गणेश को मोदक बहुत पसंद है. इसके अलावा लड्डू, गुड़, नारियल, केला और मिठाई भी चढ़ाई जा सकती है. मोदक बप्पा का सबसे पसंदीदा प्रसाद है. मान्यता है कि पूजा में 21 मोदक का भोग लगाने से गणेश जी अत्यंत प्रसन्न होते हैं. इसके अलावा बेसन के लड्डू, मोतीचूर या बूंदी के लड्डू भी गणेश जी को बहुत पसंद हैं.
गणेश जी की पूजा का सही तरीका
सबसे पहले पूजा स्थान को साफ करें और गणपति की प्रतिमा स्थापित करें. इसके बाद भगवान को जल, रोली, अक्षत, फूल और दूर्वा अर्पित करें. इसके बाद मोदक या अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग लगाएं. धूप-दीप जलाकर गणेश जी की आरती करें. पूजा के अंत में अपनी मनोकामना भगवान के सामने रखें और प्रसाद सभी लोगों में बांटें.
यह भी पढ़ें:- गणेश चतुर्थी पर घर में गणपति स्थापना से पहले जरूर करें ये 7 काम, पॉजिटिव एनर्जी से भर जाएगा माहौल, जानिए नियम और सही पूजा विधि
यह भी पढ़ें:- तुलसी के बिना अधूरी है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूजा, कृष्ण और तुलसी के बीच क्या संबंध है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं