बच्चे की PTM में जाने के बाद ज्यादातर पेरेंट्स उसके नंबर और ग्रेड के बारे में पूछते हैं और घर आ जाते हैं. अगर आप भी इन्हीं पेरेंट्स में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. कम्युनिकेशन कोच और कॉर्पोरेट ट्रेनर मैत्री मेहता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने 5 सवाल बताए हैं. मैत्री कहती हैं, हर पेरेंट्स को अपने बच्चे की PTM में ये 5 सवाल जरूर पूछने चाहिए. इससे आपको बच्चे की रिपोर्ट से अलग भी और कई जरूरी बातें पता चलेंगी. आइए जानते हैं इनके बारे में-
सवाल नंबर 1- मेरा बच्चा लंच के समय किसके साथ बैठता है?
कम्युनिकेशन कोच कहती हैं, इस सवाल को करने से आपको ये पता चलेगा कि स्कूल में आपके बच्चे का दोस्त कौन है. बच्चा स्कूल में किन बच्चों के साथ रहना पसंद करता है और वह अपने दोस्तों के बीच कितना घुल-मिल रहा है. कहीं वो खुद को अकेला महसूस तो नहीं करता है. इस एक सवाल से आपको इन सब बातों का अंदाजा लग जाएगा.
सवाल नंबर 2- जब पढ़ाई मुश्किल लगती है तो मेरा बच्चा क्या करता है?टीचर से पूछें कि जब बच्चे को कोई सवाल या कोई काम समझ नहीं आता, तो वो क्या करता है. क्या वो टीचर से मदद मांगता है? खुद कोशिश करता है? क्या वो चुप तो नहीं हो जाता है? हर बच्चे का किसी मुश्किल काम को करने का तरीका अलग होता है. इस सवाल से आपको पता चलेगा कि मुश्किल समय में आप किस तरह अपने बच्चे की मदद कर सकते हैं या उसके लिए किस तरह चीजों को बेहतर बना सकते हैं.
नंबर 3- जब बच्चा परेशान होता है तो वह किसके पास जाता है?टीचर से पूछें कि जब बच्चा उदास या परेशान होता है, तो वह किससे बात करता है. क्या वो टीचर के पास जाता है, अपने किसी दोस्त से बात करता है या क्या करता है? इससे आपको पचा चलेगा कि स्कूल में आपका बच्चा किसके साथ खुद को सुरक्षित और खुश महसूस करता है.
नंबर 4- गलती होने पर मेरा बच्चा क्या करता है?हर बच्चा कभी न कभी कोई गलती जरूर करता है. टीचर से पूछें कि जब आपके बच्चे से कोई गलती होती है तो उस समय वो कैसे बर्ताव करता है. इससे आपको अपने बच्चे को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी. आप पता लगा पाएंगे कि बच्चा अपनी गलतियों को किस तरह देखता है और मुश्किल समय में उसका आत्मविश्वास कैसा रहता है.
नंबर 5- क्या मेरा बच्चा स्कूल में किसी की मदद करता है?कम्युनिकेशन कोच कहती हैं, इस सवाल को करने से आपको पता चलेगा कि दूसरों के प्रति आपके बच्चे का व्यवहार कैसा रहता है.
इस तरह केवल 5 सवाल पूछकर आप अपने बच्चे के बारे में बहुत कुछ जान सकते हैं और जरूरत पड़ने पर चीजों में सुधार कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- कान में कोई कीड़ा चला जाए तो कैसे निकालें? ENT स्पेशलिस्ट ने बताया सबसे पहले क्या करना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं