हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है. यह दिन भगवान विष्णु की पूजा के लिए समर्पित होता है. साल भर में कुल 24 एकादशी पड़ती हैं. हालांकि, इन सभी एकादशियों में निर्जला एकादशी को सबसे कठिन और विशेष माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को श्रद्धा और नियमों के साथ करने से सभी एकादशी व्रतों के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है. इस वर्ष निर्जला एकादशी का व्रत 25 जून, गुरुवार को रखा जाएगा. ऐसे में अगर आप पहली बार ये उपवास रखने जा रहे हैं, तो आइए ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित से जानते हैं निर्जला एकादशी व्रत के नियम-
व्रत की शुरुआत कैसे करें?
ज्योतिषाचार्य बताते हैं, निर्जला एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और भगवान विष्णु का स्मरण करें. इसके बाद पूरे श्रद्धाभाव के साथ व्रत का संकल्प लें. व्रत का संकल्प लेने के बाद एकादशी तिथि से लेकर द्वादशी तिथि तक अन्न और जल का त्याग किया जाता है. व्रत के दौरान भगवान विष्णु की पूजा करना और उनका ध्यान करना शुभ माना जाता है.
पूजा में जरूर पढ़ें कथाज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित के मुताबिक, एकादशी के दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा की जाती है. पूजा में एकादशी व्रत कथा का पाठ अवश्य करें. यदि निर्जला एकादशी की कथा का श्रवण न किया जाए, तो व्रत अधूरा माना जाता है.
इन नियमों का रखें विशेष ध्यान- निर्जला एकादशी के दिन मन और व्यवहार दोनों को शुद्ध रखना जरूरी माना जाता है. झूठ बोलने, किसी का बुरा सोचने या छल-कपट जैसी भावनाओं से दूर रहना चाहिए.
- सात्विक विचार अपनाएं और जरूरतमंद लोगों की सहायता करें.
- व्रत के दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करना भी आवश्यक माना गया है.
- इस दिन बिस्तर का त्याग कर, जमीन पर विश्राम किया जाता है.
- व्रत का समापन द्वादशी तिथि में किया जाता है. सुबह शुभ समय में फलाहार कर व्रत का पारण करें.
ज्योतिषाचार्य आगे बताते हैं, निर्जला एकादशी के दिन सच्ची श्रृद्धा से की गई पूजा और व्रत का फल कई गुना बढ़कर मिलता है. इसके साथ ही इस दिन अन्न, धन या अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान करना भी अत्यंत शुभ माना गया है. इससे व्रत का पुण्य कई गुना बढ़ जाता है.
यह भी पढ़ें- Ashadh Month 2026: कब से शुरू हो रहा है आषाढ़ महीना? जानिए इस माह से सभी प्रमुख व्रत-त्योहार की लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं