विज्ञापन

30 जुलाई से देवघर में शुरू होने जा रहा विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे ये खास इंतजाम

30 जुलाई से झारखंड के देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत होने जा रही है. इसको लेकर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर सुरक्षा तक, पूरी तरह अच्छे से तैयारियां की जा रही हैं.

30 जुलाई से देवघर में शुरू होने जा रहा विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे ये खास इंतजाम
देवघर श्रावणी मेला 2026
Photo Credit: IANS

झारखंड के देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में 30 जुलाई से शुरू हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को इस बार हाईटेक सुरक्षा कवच मिलेगा. मेले में 14 हजार से अधिक अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, जबकि पहली बार एआई आधारित कंट्रोल रूम, ड्रोन और स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम से चौबीसों घंटे निगरानी होगी. सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम भी किए गए हैं. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...

अंतिम चरण में तैयारियां

आम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रविवार और सोमवार को वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था भी स्थगित रहेगी. राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. प्रशासन का लक्ष्य 25 जुलाई तक सभी आधारभूत तैयारियां पूरी कर लेने का है, ताकि 30 जुलाई से शुरू होने वाला एक माह का यह धार्मिक आयोजन सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके.

सुरक्षा के इंतजाम

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला पुलिस, झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी), रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की पांच कंपनियां और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो कंपनियां तैनात रहेंगी. राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीम भी बाबा मंदिर परिसर, संस्कार मंडप और कतार मार्ग का सुरक्षा ऑडिट कर चुकी है. मेला क्षेत्र में 21 अस्थायी पुलिस ओपी और 13 ट्रैफिक ओपी स्थापित किए जा रहे हैं.

भीड़ पर निगरानी

देवघर के उपायुक्त के अनुसार, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ पर नजर रखने के लिए पहली बार एआई आधारित इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है. पूरे मेला क्षेत्र, कतार मार्ग, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन व स्मार्ट सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी होगी. कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी. मंदिर परिसर में इस बार श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं. शीघ्र दर्शनम और सामान्य कतार के बीच होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नया फुट ओवरब्रिज तैयार किया गया है, जिसका ट्रायल 20 जुलाई से शुरू होगा.

क्या-क्या हैं इंतजाम?

गर्भगृह में मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. श्रद्धालुओं के सामान सुरक्षित रखने के लिए क्यू कॉम्प्लेक्स में लॉकर और क्लॉक रूम की व्यवस्था की गई है. भीड़ को देखते हुए शहर में डबल डेकर कांवरिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया कांवरिया पथ तक श्रद्धालुओं के लिए बालू बिछाई जा रही है. मार्ग में आने वाले बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए कोठिया में विशाल टेंट सिटी तैयार की जा रही है. यहां वेंटिलेशन, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा और बिजली व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है.

स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा इंतजाम

इसके अलावा सरसा, भलुवा और परित्राण में बड़े वाहन पड़ाव विकसित किए जा रहे हैं, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत बनाया गया है. पहली बार भीड़भाड़ वाले इलाकों में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए टोटो एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी. देवघर और जसीडीह रेलवे स्टेशन समेत कांवरिया पथ पर 24 घंटे मेडिकल कैंप संचालित होंगे. यहां डॉक्टरों, दवाओं, पेयजल, अस्थायी शौचालय, स्नानगृह और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

यह भी पढ़ें: गुप्त नवरात्रि के शनिवार को पीपल के पेड़ पर ग्रहों की शांति के लिए करें ये उपाय, पंडित जी से जानिए

यह भी पढ़ें: कोल्ड ड्रिंक केन से बना भगवान जगन्नाथ का नंदीघोष रथ, कलाकार ने बताया 25 घंटे कैसे किया तैयार​​​​​​​

    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Sawan 2026
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com