विज्ञापन
This Article is From Sep 21, 2025

रैपिडो राइडर निकला चोरी के मोबाइलों का सौदागर,  पिस्टल और कारतूस समेत दबोचा गया

अब इस नेटवर्क में जुड़े बाकी लोगों की तलाश की जा रही है. बरामद मोबाइल्स का IMEI नंबर के ज़रिए ट्रैक किया जा रहा है ताकि उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जा सके.

रैपिडो राइडर निकला चोरी के मोबाइलों का सौदागर,  पिस्टल और कारतूस समेत दबोचा गया

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के मोबाइल बेचने का धंधा कर रहा था. आरोपी के पास से 11 चोरी के मोबाइल फोन, एक देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं. दरअसल, क्राइम ब्रांच  की टीम को मोबाइल चोरी और उनके गैंग्स पर नज़र रखने के लिए खास निर्देश मिले थे. जांच में पता चला कि सलीम खान , निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली चोरी के मोबाइल खरीदकर आगे सप्लाई करता है. वह दिल्ली मेट्रो और बसों में सक्रिय जेबकतरों से मोबाइल लेता और फिर उन्हें बेच देता.

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।तकनीकी निगरानी और लोकल इंफॉर्मर की मदद से सलीम को सीमापुरी राउंडअबाउट के पास धर दबोचा गया.

पूछताछ में सलीम ने बताया कि वह रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था। इसी काम के दौरान उसकी पहचान चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने वाले लोगों से हुई. जेबकतरे उससे मोबाइल बेचते थे. वह मोबाइल एक शख्स वसीम को सप्लाई करता था.

वसीम ही कीमत और खरीदार तय करता था. खुद की सुरक्षा के लिए सलीम हमेशा एक देसी पिस्तौल रखता था. 19 सितंबर को सलीम, वसीम से 11 मोबाइल लेकर वापस लौट रहा था और डिलीवरी का इंतज़ार कर रहा था. तभी पुलिस ने उसे धर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क में जुड़े बाकी लोगों की तलाश की जा रही है. बरामद मोबाइल्स का IMEI नंबर के ज़रिए ट्रैक किया जा रहा है ताकि उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जा सके. पुलिस जांच में पता चला कि सलीम पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत नोएडा में गिरफ्तार हो चुका है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com