Delhi Metro Station Closed: पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन के कारण दिल्ली की लाइफलाइन पर भी बुरा असर पड़ा है. जंतर-मंतर के आस-पास के कई दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं. शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन मेट्रो स्टेशन बंद रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार सुबह दिल्ली में 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने की सूचना सामने आई थी. अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के भी बंद किए जाने की खबर सामने आई है. नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के बंद किए जाने के साथ ही आज कुल 18 मेट्रो स्टेशन बंद है.
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद होने से दिल्ली से यूपी, बिहार, पंजाब सहित अन्य राज्यों में ट्रेन से जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. क्योंकि यह मेट्रो स्टेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में ही है. ऐसे में दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद जैसे शहरों में रहने वाले लोग अलग-अलग राज्यों में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए मेट्रो का सफर करते हैं.

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने की जानकारी DMRC ने सोशल मीडिया पर दी है.
दिल्ली में आज ये 18 मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने कहा कि सुरक्षा कारणों से 17 स्टेशन - लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे.
अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिया गया है. नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी. इसके अलावा राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर ‘इंटरचेंज' (दूसरी लाइन की मेट्रो बदलने) की सुविधा उपलब्ध है. ये 17 स्टेशन बुधवार और बृहस्पतिवार को भी बंद थे. मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से दफ्तर जाने वालों, छात्रों और अन्य यात्रियों को परेशानी हो रही है.
यह भी पढे़ं - दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन आज भी बंद, राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट से ITO-मंडी हाउस तक देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं