- दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित PNB में एक महिला और उसकी सास ने अपने लॉकर से सोना चोरी होने का आरोप लगाया.
- बैंक कर्मियों द्वारा लॉकर खोलने पर महिलाओं ने दावा किया कि उनके लॉकर में रखा कीमती सोना गायब है.
- चोरी की खबर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से फैली, जिससे बैंक के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई.
दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला और उसकी सास ने अपने लॉकर से सोना गायब होने का सनसनीखेज आरोप लगाया. बैंक कर्मियों द्वारा प्रक्रिया के तहत लॉकर खोलने के बाद महिलाओं ने दावा किया कि उसमें रखा कीमती सोना चोरी हो गया है. देखते ही देखते बैंक से सोना चोरी होने की खबर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अफवाह बनकर फैल गई.
डर के मारे अन्य लॉकर धारक भी अपना-अपना कीमती सामान चेक करने के लिए बड़ी संख्या में बैंक के बाहर जमा हो गए, जिससे मौके पर भारी भीड़ और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की, जिसमें शुरुआती दावे खोखले पाए गए. पुलिस टीम को लॉकर के पास न तो किसी तरह की जबरदस्ती प्रवेश के निशान मिले और न ही बैंक का कोई लॉकर टूटा हुआ पाया गया.
जांच में यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि शिकायतकर्ता महिलाओं का ज्वाइंट लॉकर था, जिसे हाल ही में 5 फरवरी को ऑपरेट किया गया था. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व बैंक रिकॉर्ड के जरिए असलियत का पता लगाने में जुट गई है. शुरुआती जांच के बाद अन्य ग्राहकों ने राहत की सांस ली क्योंकि बड़े पैमाने पर चोरी की बात महज एक अफवाह साबित हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं