राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बर्थडे पार्टी में विवाद के बाद दोस्तों ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. युवक की हत्या के बाद परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया है. परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है. इस मामले में एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांतिनगर की है. मोहित नाम के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है. परिजनों ने बताया कि मोहित का पड़ोस के रहने वाले गौरव और उसके दोस्तों से विवाद चल रहा था. कुछ दिनों पहले भी किसी बात पर विवाद हुआ था, लेकिन हाल में ही सभी ने आपस में इस विवाद को सुलझा लिया था. बुधवार की मोहित को बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया गया. पार्टी के दौरा नशे की हालत में मोहित के साथ गाली-गलौज की गई, जिससे फिर से लड़ाई हो गई और तभी मोहित की चाकू से हत्या कर दी गई.
आरोपियों को फांसी देने की मांग
परिवार का आरोप है कि गौरव और उसके दोस्तों ने ही इसकी हत्या की है. सभी आस-पड़ोस के ही रहने वाले हैं. हत्या के बाद मोहित के परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है. गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए फांसी दिए जाने की मांग की है.
बर्थडे पार्टी में खेला गया खूनी खेल
इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त, वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दो जुलाई की सुबह 3:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के न्यू शांतिनगर एरिया में एक 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोहित शर्मा को कुछ व्यक्तियों के द्वारा चाकू मार दिया गया है. इस सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम के द्वारा वहां पहुंचकर घायल व्यक्ति को इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया.इसमें प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि मोहित शर्मा के बाकी दोस्तों के साथ उसके साथ पहले भी लड़ाई हुई थी और कल रात को पार्टी करते हुए नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए यहां एक बार फिर लड़ाई हुई और उसी में गाली-गलौज के बाद इसे चाकू मार दिया गया, जिसके दौरान इसकी मृत्यु हो गई.परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है. अभियुक्तगणों को हिरासत में ले लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद में रोड रेज के बाद मर्डर: मामूली टक्कर के बाद युवक का अपहरण, पीट-पीटकर मार डाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं