दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में फूल बेचने वाली एक महिला के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है. महिला के परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे डंडों और लोहे की सरियों से बेरहमी से पीटा. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला सड़क किनारे बैठी दिखाई देती है. तभी दो लोग उसके पास पहुंचते हैं और कुछ बातचीत के बाद हमला शुरू कर देते हैं. आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की तो उन पर भी हमला किया गया.
गांजा बेचने का दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित परिवार का दावा है कि इलाके का एक शख्स, जिसे वे ड्रग माफिया का सदस्य बताते हैं, उन पर लंबे समय से गांजा बेचने का दबाव बना रहा था. परिवार ने आरोप लगाया कि मना करने की वजह से उन पर यह हमला कराया गया. उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी दो बार उन्हें निशाना बनाया जा चुका है.
परिवार ने सुनाई हमले की पूरी कहानी
परिवार के सदस्य अमन के मुताबिक घटना 8 अक्टूबर की रात करीब तीन बजे हुई. उस समय उनकी भाभी राधा अकेले फूलों की माला बना रही थीं. अमन ने बताया कि पहले हमलावर उनके बारे में पूछताछ कर रहे थे. इसी दौरान दूसरे लोगों ने राधा पर हमला कर दिया और वह बेहोश हो गईं. जब अमन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई.
अमन का आरोप है कि करीब दस लोग हथियारों के साथ आए थे. उनके पास लोहे की सरियां, डंडे और चाकू थे. हमले में उनके सिर और पैर में चोट लगी जबकि राधा के सिर, पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं. उनके भाई को भी चोट पहुंची.
पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप
परिवार और उनके वकील का कहना है कि घटना के बाद कई बार पुलिस से संपर्क किया गया लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि मेडिकल जांच होने और शिकायत दिए जाने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया. परिवार का दावा है कि वीडियो वायरल होने और मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस हरकत में आई.
पुलिस ने जांच शुरू की
वहीं दक्षिण दिल्ली पुलिस ने कहा कि घटना को सोशल मीडिया के जरिए संज्ञान में लिया गया. पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिवार का कहना है कि अब केस दर्ज हो चुका है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से हर ट्रिप पर टोल टैक्स के 145 रुपये कैसे बचा रहा ये शख्स? जानिए अनोखा जुगाड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं