विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2017

नोएडा : ड्राइवर को मार-पीटकर उबर कैब लूट ले गए बदमाश

जब उबर कैब ड्राइवर नोएडा सेक्टर 44 के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर उसकी कार रुकवा ली, और मारपीट कर उसे कार में ही बंधक बना लिया. फिर वे उसे ग्रेटर नोएडा स्थित अक्षर चौकी के पास फेंक गए. बदमाश उसकी कार, मोबाइल फोन और नगदी लूटकर ले गए हैं.

नोएडा : ड्राइवर को मार-पीटकर उबर कैब लूट ले गए बदमाश
प्रतीकात्मक चित्र
  • नोएडा के सेक्टर 44 के पास मंगलवार तड़के हुई वारदात
  • तीन हथियारबंद बदमाशों ने कार रोककर उबर कैब चालक को अगवा कर लिया
  • उसके बाद बदमाश कार, फोन, नगदी लूटकर भाग गए, पुलिस जांच जारी है
नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 44 के पास मंगलवार सुबह तीन हथियारबंद बदमाशों ने उबर कैब के चालक को अगवा कर उसकी स्विफ्ट डिज़ायर कार लूट ली. वारदात की रिपोर्ट पीड़ित ड्राइवर ने थाना क्षेत्र 39 के पुलिस थाने में दर्ज कराई है.

इसके अलावा सोमवार रात को सेक्टर 62 के पास से कुछ बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति से 44,000 रुपये की नगदी तथा मोबाइल फोन लूट लेने की भी ख़बर है.

नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लोनी के रहने वाला उबर कैब चालक नसीम मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अपनी स्विफ्ट डिज़ायर कार से एक सवारी को छोड़ने के लिए दिल्ली से नोएडा के सेक्टर 46 आया था. सवारी को छोड़कर जब वह सेक्टर 44 के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने हथियार के बल पर उसकी कार रुकवा ली.

अरुण कुमार सिंह के अनुसार, बदमाशों ने नसीम के साथ मारपीट कर उसे कार में ही बंधक बना लिया तथा ग्रेटर नोएडा स्थित अक्षर चौकी के पास जाकर उसे फेंक दिया. बदमाश उसकी कार, मोबाइल फोन और नगदी लूटकर भाग गए. एसपी के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है.

एक अन्य घटना में थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के सेक्टर 62 के पास से बीती रात को हथियारबंद बदमाशों ने संदीप कुमार (निवासी जनपद मेरठ) के साथ मारपीट करके उससे 44,000 रुपये तथा उसका मोबाइल फोन लूट लिया. घटना की रिपोर्ट पीड़ित ने थाना सेक्टर 58 में दर्ज कराई है.

(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Loot In Noida, Uber Cab Looted, Arun Kumar Singh, Crime In Noida, Armed Robbery
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com