Delhi Fire Incident: एक बार फिर से भीषण आग की घटना ने दिल्ली को झकझोर कर रख दिया है. मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद हैं, जो रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. अभी तक 37 लोगों को बचाया जा चुका है. दिल्ली में इससे पहले इसी साल और भी कई बड़ी आग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई जानें गई थीं. मार्च माह में विवेक विहार अग्निकांड में तो परिवार के 9 लोगों की जान गई थी. इसके अलावा पालम में लगी आग में भी 9 लोगों ने जान गंवाई थी. इस अग्निकांड को जोड़ें तो इस साल अब तक दिल्ली में आग से 65 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. मालवीय अग्निकांड का लाइव अपडेट
मार्च में लगी आग ने परिवार किया तबाह
पालम इलाके में रामफल चौक के पास एक पांच मंजिला में 18 मार्च को भीषण आग लगी थी, जिसमें परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई थी. इनमें 3 बच्चे भी शामिल थे. यह बिल्डिंग में 22 लोगों का परिवार रहता था और उस समय 10-12 लोग गोवा घूमने गए थे. बाकी बचे लोग आग की चपेट में आ गए थे. आग इतनी भयानक थी कि 30 से ज्यादा दमकल की गाडियां बुलाई गई थीं.

पिछले महीने ही 3 तारीख को लगी थी भीषण आग
विवेक विहार इलाके 3 मई को बी ब्लॉक में चार मंजिला इमारत में टॉप फ्लोर पर रात तकरीबन 3:00 बजे के आसपास आग लगी थी. इस दौरान 9 लोगों ने जान गंवाई थी और 12-14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था. घटना में कुछ लोग घायल भी हुए थे. आग को बुझाने के लिए दमकल की 14 गाड़ियों को काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी.

27 मई तक दिल्ली में 45 लोगों ने आग से गंवाई जान- डेटा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विसेज़ (DFS) के डेटा के मुताबिक, इस साल अब तक (जनवरी से 27 मई तक) दिल्ली में आग लगने की घटनाओं में कम से कम 45 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से अकेले मई में 13 लोगों की जान गई है. आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी से अप्रैल के बीच आग लगने की घटनाओं में 32 लोगों की मौत हुई और मई के पहले 27 दिनों में 13 मौतें दर्ज की गईं, जिससे कुल आंकड़ा 45 हो गया.
डेटा के अनुसार, मार्च साल का सबसे जानलेवा महीना रहा, जिसमें आग से जुड़ी 15 मौतें हुईं. DFS के रिकॉर्ड दिखाते हैं कि जनवरी में आग लगने से छह लोगों की मौत हुई, फरवरी में छह, मार्च में 15 और अप्रैल में पांच की जान गई.
28 मई को भी एसी ब्लास्ट से गई पूर्व आईएएस की जान
दिल्ली के हौज खास इलाके में भी 28 मई को एक घर में आग लग गई थी, जिसमें 80 साल के रिटायर IAS अधिकारी की मौत हो गई थी. इस घटना में अधिकारी का बेटा भी घायल हो गया. घर में आग एसी ब्लास्ट की वजह से लगी थी.
ये भी पढ़ें- एक ही सीढ़ी, नीचे गद्दा रखकर तीसरी मंजिल से कूदे लोग... 21 मौतें, दिल्ली आग कांड पर बोले BJP विधायक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं