- दीपावली की खरीदारी के कारण दिल्ली-एनसीआर में सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम और वाहनों की धीमी चाल देखी गई
- दिल्ली बॉर्डर, यमुना एक्सप्रेसवे और एनएच-24 जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे
- प्रमुख मार्गों और व्यावसायिक इलाकों में बाजारों में खरीदारी करने निकले लोगों की भीड़ से पार्किंग स्थल भर गए
धनतेरस और दीपावली की खरीदारी ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. राजधानी दिल्ली से लेकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं. बाजारों में खरीदारी करने निकले लोगों की भारी भीड़ और घर लौट रहे यात्रियों के कारण सड़क, रेल और बस सेवाओं पर जबरदस्त दबाव देखने को मिल रहा है. जिसकी वजह से गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही है.
शुक्रवार को हालात ऐसे रहे कि कई जगह लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में घंटों लग गए. त्योहारों के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है.
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर से ग्रेटर नोएडा तक भारी दबाव
दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर स्थित एनएच-24 पर सबसे ज्यादा दबाव देखा गया. वहीं यमुना एक्सप्रेसवे के ग्रेटर नोएडा जीरो पॉइंट और परी चौक के आसपास भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. आनंद विहार, कश्मीरी गेट, धौला कुआं, सराय काले खां और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा. कई यात्रियों ने बताया कि सड़क पर आगे बढ़ना मुश्किल हो गया था और छोटे सफर भी लंबे समय में पूरे हुए.
दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर रेंगते रहे वाहन
राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहा. पृथ्वीराज रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ, केजी मार्ग, बाराखंभा रोड, पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड, तिलक मार्ग और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए.
इसके अलावा आईटीओ, लोधी रोड, पटेल चौक, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस, अश्रम चौक, सदर बाजार, चांदनी चौक और कश्मीरी गेट जैसे इलाकों में भी भारी भीड़ रही. बारापुला फ्लाईओवर और मूलचंद अंडरपास के आसपास भी लंबा जाम लगा रहा जिससे एम्स की ओर जाने वाले मार्गों पर भी दबाव बढ़ गया.
बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के कारण दिल्ली के बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली. परिवारों के साथ खरीदारी करने निकले लोगों की वजह से पार्किंग स्थल भर गए और आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया. व्यापारिक केंद्रों के बाहर लंबी कतारें दिखीं. शाम होते-होते कई बाजारों के आसपास पैदल चलना भी मुश्किल हो गया.
ट्रेनों में हालात बदतर, बाथरूम तक में बैठे यात्री
दूसरी तरफ दीपावली और छठ पूजा पर घर लौटने वाले लोगों की भीड़ ने रेलवे स्टेशनों पर भी हालात मुश्किल कर दिए हैं. चंदौली के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि यात्रियों को बाथरूम तक में बैठकर सफर करना पड़ रहा है.
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची. यात्रियों का कहना है कि वे 12-13 घंटे से एक ही जगह बैठे या खड़े हैं. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. कई यात्रियों ने शिकायत की कि टिकट कन्फर्म नहीं हो रहे और वेटिंग सूची 276 तक पहुंच गई है. यात्रियों का यह भी कहना है कि स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं लेकिन बढ़ती भीड़ के मुकाबले उनकी संख्या काफी कम है. कई डिब्बों में क्षमता से तीन गुना तक अधिक लोग सफर कर रहे हैं.
आनंद विहार और बस अड्डों पर विशेष इंतजाम
त्योहारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 5 नवंबर से 15 नवंबर तक आनंद विहार आईएसबीटी और आसपास के इलाकों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. एनएच-24, सराय काले खां और बारापुला की तरफ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है. आईएसबीटी के प्रवेश और निकास द्वारों के आसपास वाहनों की पार्किंग और रुकने पर भी पाबंदी लगाई गई है.
त्योहारी उत्साह के बीच बढ़ी चुनौती
धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के कारण दिल्ली-एनसीआर इस समय लोगों से खचाखच भरा हुआ है. एक तरफ बाजारों में खरीदारी का उत्साह है तो दूसरी तरफ घर लौटने की जल्दबाजी. नतीजा यह है कि सड़कों पर लंबा जाम है, बस अड्डों पर भारी भीड़ है और ट्रेनों में यात्रियों को बैठने की जगह तक नहीं मिल रही. आने वाले दिनों में त्योहारों के और करीब पहुंचने के साथ यह भीड़ और बढ़ने की संभावना है.
यह भी पढ़ें | आधी रात बाजारों में खचाखच भीड़, सड़कों पर रेंग रहीं गाड़ियां... दिल्ली में दिवाली से पहले बुरा हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं