- गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को कार ने मारी टक्कर.
- घटना गोल्फ कोर्स रोड पर तब हुई, जब वह अपने ग्रुप के साथ बाइक चला रही थी.
- महिला राइडर के दोस्त ने ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर फरार हो गया.
"मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन आज मुझे गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ. ऐसे लोगों को किसी को टक्कर मारकर भागने में कोई डर नहीं लगता." ये शब्द गुरुग्राम की एक महिला बाइकर के थे, जिनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मारी और फिर कार वाला भाग गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला अपनी बाइक से गिर गई, जबकि उनकी बाइक सड़क पर कुछ मीटर तक घिसटती चली गई. सिया नाम की इस महिला बाइकर का इंस्टाग्राम पर 'rebelwheels_sia_' नाम से एक पेज है. उन्होंने इस घटना का एक वीडियो ऑनलाइन शेयर किया और बताया कि यह सब कैसे हुआ.
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, उन्होंने आरोप लगाया कि एक कार में सवार लोग राइड शुरू होने के वक्त से ही उसका पीछा करने की कोशिश कर रहे थे.
घटनाक्रम के बारे में बताते हुए सिया ने कहा कि एक कार उनके पास आई और उसमें बैठे लोग आक्रामक व्यवहार करने लगे. पीड़िता ने बताया कि मैंने उन लोगों से थोड़ी दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन इसके बजाय आरोपियों ने सिया से अपनी बाइक रोकने को कहा. सिया के मुताबिक, वे लोग नशे में मामूल पड़ रहे थे.

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम: ऑपरेशन सफेद सागर के ग्रुप कैप्टन पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से मारा
महिला राइडर ने बताया कि वह आगे बढ़ती रही, जिससे कार उसकी मोटरसाइकिल का रास्ता न रोक सके. इसके साथ ही, उसके पीछे चल रहे एक दोस्त ने उसे बचाने और कार को दोबारा उसके बगल में आने से रोकने की कोशिश की.
सिया के मुताबिक, कार उसका पीछा करती रही और फिर ड्राइवर ने कथित तौर पर उसकी मोटरसाइकिल के ठीक सामने आने की कोशिश की. उसने बताया कि इस दौरान कार उसकी बाइक से टकराई और तेजी से भाग गई.
यह पूरी घटना सिया की मोटरसाइकिल पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
'दोस्त ने ड्राइवर को रोकने की कोशिश की...'
सिया ने आगे आरोप लगाया कि टक्कर के बाद, उसके एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ड्राइवर को रोकने की कोशिश की.
कार एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी, जहां उसके दोस्त ने ड्राइवर से बात की और कहा कि टक्कर उसकी गलती से हुई थी. ड्राइवर ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और वहां से गाड़ी लेकर चला गया.

गुरुग्राम पुलिस से अपील...
सिया ने अपने वीडियो में गुरुग्राम पुलिस से उन ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है, जो सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान खतरे में डालते हैं और हादसे के बाद मौके से भाग जाते हैं. उन्होंने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर और RC मालिक का नाम भी बताया, यानी उस शख्स का नाम जिसके नाम पर कार रजिस्टर्ड है.
ये भी पढ़ें: "हर महीने 93,290 रुपए का खर्चा..." गुरुग्राम के टेक इंजीनियर ने दिया पाई-पाई का हिसाब, लोगों का चकरा गया सिर
सोशल मीडिया यूजर्स ने की कार्रवाई की मांग...
घटना का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला राइडर का समर्थन किया. कई लोगों ने दिल्ली पुलिस, गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा पुलिस को टैग करते हुए अधिकारियों से ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की.
कई यूजर्स ने इस घटना के संबंध में FIR दर्ज करने की भी मांग की, जबकि अन्य लोगों ने शहर में सड़क सुरक्षा और तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाने को लेकर चिंता जाहिर की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं