गुरुग्राम के सेक्टर-58 स्थित 'मैग्नम ग्लोबल पार्क' में 10 सितंबर की रात पार्किंग विवाद को लेकर 1999 के 'ऑपरेशन सफेद सागर' के रि. ग्रुप कैप्टन अमित गुप्ता पर गुरुग्राम में जानलेवा हमला हुआ है.
पीड़ित अमित कुमार गुप्ता (निवासी: पायनियर पार्क, सेक्टर-61) ने सेक्टर-65 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए एक पार्किंग अटेंडेंट पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है.
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की रात लगभग 8 बजे अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित GONZO रेस्टोरेंट में डिनर के लिए पहुंचे थे. परिवार को ड्रॉप करने के बाद जब वे कार पार्क करने लगे, तो पार्किंग कर्मचारियों ने उन्हें अलग-अलग जगहों (वैले पार्किंग, बेसमेंट और मल्टीलेवल पार्किंग) पर भेजने का सिलसिला शुरू कर दिया और कहीं भी गाड़ी खड़ी करने से मना कर दिया.
पीड़ित अमित गुप्ता का आरोप है कि जब वे अपनी कार रिवर्स कर रहे थे, तभी एक पार्किंग अटेंडेंट ने कार के शीशे पर वार करना और उसे तोड़ने की कोशिश करना शुरू कर दिया. जब अमित कार से बाहर निकले और विरोध किया, तो आरोपी ने अचानक पार्किंग बैरियर से जुड़ी एक भारी लोहे की रॉड निकाली और सीधे उनके सिर पर हमला कर दिया.
अमित गुप्ता ने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे रॉड उनके हाथ और सिर पर लगी. आरोपी ने दोबारा उन पर हमला किया, जिसके बाद वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. आरोपी ने अमित गुप्ता को जान से मारने की धमकी भी दी.
इस हमले में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और बाएं हाथ की कोहनी कई जगह से टूट गई है. फिलहाल अमित गुप्ता की गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में सर्जरी हुई है और कई जगहों पर प्लेट लगाकार कोहनी की हड्डी को जोड़ा गया है.
पीड़ित का कहना है कि मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों और पार्किंग स्टाफ ने उनकी कोई मदद नहीं की. बाद में उन्हें एम्बुलेंस से मेदांता मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पीड़ित अमित गुप्ता ने गुरूग्राम पुलिस को जो शिकायत दी है उसमें अमित गुप्ता की तरफ से मांग की गयी है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में FIR दर्ज की जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं