ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन माइवुड्स सोसाइटी में पिछले 48 घंटे से पानी की गंभीर समस्या ने निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई टावरों में जलापूर्ति ठप होने के कारण सैकड़ों परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सोमवार रात निवासियों ने मेंटेनेंस कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया, जबकि मंगलवार को सोसाइटी के बाहर सड़क जाम कर प्रशासन और प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. निवासियों का आरोप है कि हर साल यही समस्या आती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.
क्या है मामला?
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन माइवुड्स सोसाइटी में पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित है. कई टावरों में पानी न पहुंचने से सैकड़ों फ्लैटों में रहने वाले निवासी परेशान हैं. इस समस्या को लेकर सोमवार रात और मंगलवार दोपहर को निवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की. रहवासियों ने पुलिस को बताया कि यह समस्या हर साल आती है और वे स्थायी समाधान चाहते हैं. 48 घंटे से उनके घर में पानी नहीं है.
स्थायी समाधान क्यों नहीं मिल रहा : रहवासी
सोसाइटी के निवासी बीपी बंसल ने बताया कि पानी की समस्या का मुख्य कारण पर्याप्त और नियमित जलपूर्ति का अभाव है. उन्होंने कहा कि प्रबंधन टैंकरों से वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है, लेकिन यह पानी की मांग के मुकाबले अपर्याप्त है. मौजूदा जल संकट के तकनीकी कारणों, जैसे सप्लाई लाइन या पंप में खराबी, को लेकर प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. निवासियों का सवाल है कि यदि नियमित आपूर्ति बाधित है, तो इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा और पर्याप्त संख्या में टैंकरों की व्यवस्था क्यों नहीं हो रही? निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कहां-कहां जलभराव और किधर ट्रैफिक जाम का खतरा, जान लीजिए अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं