- ग्रेटर नोएडा के इटैड़ा क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर.
- हादसे में 40 वर्षीय नीरज की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती.
- थार ड्राइवर व्हीकल छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार शाम तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला. बिसरख थाना क्षेत्र के इटेरा क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. महिला का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. वहीं, आरोपी ड्राइवर थार को छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सोमवार शाम को चिपियाना निवासी नीरज (40) अपनी के साथ स्कूटी पर जा रहे थे. इसी दौरान इटैड़ा के पास एक तेज रफ्तार थार आई और उसने स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दंपति स्कूटी से दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए. हादसा के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पति गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि पत्नी को भी चोट आई. वहीं, थार ड्राइवर मौके से फरार हो गया.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और एंबुलेंस भी बुलाई गई. पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया, वहीं उनकी पत्नी को इलाज के लिए भर्ती किया गया.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से, सीएम योगी ने तैयारियां परखीं, चौथे संस्करण में क्या खास?
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को थाना बिसरख क्षेत्र में थार कार और स्कूटी नंबर के बीच हादसा हुआ. स्कूटी पर चिपियाना निवासी नीरज अपनी पत्नी के साथ सवार थे. टक्कर लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई. वहीं, उनकी पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं