ग्रेटर नोएडा वेस्ट: आमतौर पर शांत स्वभाव का माना जाने वाला उल्लू इन दिनों ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. पिछले तीन दिनों से एक उल्लू लगातार लोगों पर हमला कर रहा है. स्थिति ऐसी हो गई है कि रात के समय कई निवासी अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं.
तीन दिन में 4 से 5 लोग हुए घायल
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बीते तीन दिनों के दौरान उल्लू चार से पांच लोगों पर हमला कर चुका है. हमलों में कई लोगों को चोटें लगी हैं. घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है और रात के समय परिसर में आवाजाही कम हो गई है.
अचानक ऊपर से आकर करता है हमला
निवासियों के अनुसार उल्लू ज्यादातर रात में सक्रिय हो जाता है. जब लोग पार्किंग, लॉबी या सोसाइटी के अंदर किसी काम से आते-जाते हैं तो वह अचानक ऊपर से उड़कर हमला कर देता है. बताया जा रहा है कि वह अपने पंजों और चोंच से सिर तथा शरीर पर वार करता है, जिससे लोगों को चोट लग रही है.
निवासी बिनोय भी बने शिकार
सोसाइटी में रहने वाले बिनोय ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे वह गाड़ी पार्क करने के बाद लॉबी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए उल्लू ने उनके सिर पर हमला कर दिया. हमले में उन्हें गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल जाना पड़ा. उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान उन्हें 15 इंजेक्शन लगाने पड़े. इसके अलावा डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर रेबीज और टेटनेस के इंजेक्शन भी लगाए. इस घटना के बाद वह काफी डरे हुए हैं.
कार्रवाई की मांग तेज
लगातार हो रहे हमलों के बाद निवासियों ने संबंधित विभागों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि उल्लू को नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाए और उसे किसी उपयुक्त प्राकृतिक स्थान पर छोड़ा जाए. सोसाइटी के लोगों का कहना है कि जब तक उल्लू को सुरक्षित रूप से हटाया नहीं जाता तब तक रात के समय बच्चों, बुजुर्गों और अन्य निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहेगी. लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि सोसाइटी में सामान्य माहौल बहाल हो सके.
यह भी पढ़ें- सुबह जॉगिंग पर निकले सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कार ने कुचला, पुणे में दर्दनाक मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं