दिल्ली के क्राइम की एक ऐसी खबर आई है जिसने फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या अब स्कूल भी बच्चों के लिए सुरक्षित जगह नहीं हैं? दिल्ली के द्वारका जिले के मोहन गार्डन थाना इलाके में बुधवार शाम एक सरकारी स्कूल के बाहर 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप भी साथी छात्रों पर ही है. मृतक की पहचान 17 साल के छात्र के रूप में हुई है, जो मोहन गार्डन के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था. मृतक के पिता पूर्व सैनिक हैं और अभी गुरुग्राम में बतौर गनमैन काम करते हैं.
क्या है पूरा मामला
दिल्ली पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर की शाम करीब 6:10 बजे स्कूल के पास एक छात्र को चाकू मारे जाने की पीसीआर कॉल मिली. मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल छात्र को तारक हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. जांच और चश्मदीद छात्र के बयान के अनुसार, विवाद की शुरुआत स्कूल यूनिफॉर्म के जूते को लेकर हुई थी. एक अन्य छात्र ने स्कूल के जूते न पहनने को लेकर शिक्षक से शिकायत कर दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी छात्र ने धमकी दी थी.
पुलिस ने घटनास्थल के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है. मौके पर क्राइम और FSL टीम ने पहुंचकर सबूत जुटाए. मोहन गार्डन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने अब तक मृतक के स्कूल के 3 नाबालिक छात्रों सहित कुल 5 आरोपियों को पकड़ लिया हैं. मामले में आगे की जांच अभी जारी है.
(इनपुट- हर्षित राणा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं